उत्तर प्रदेश की जौनपुर लोकसभा सीट से सांसद और जन अधिकार पार्टी के संस्थापक बाबू सिंह कुशवाहा ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ रहने के संकेत दिए हैं।
उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा है कि प्रदेश का अगला नेतृत्व सपा प्रमुख अखिलेश यादव करें और वह मुख्यमंत्री बनें।
बाबू सिंह कुशवाहा ने कहा कि जन अधिकार पार्टी फिलहाल समाजवादी पार्टी के साथ है। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि प्रदेश का अगला नेतृत्व अखिलेश यादव करें। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर आगे की रणनीति पर सपा अध्यक्ष और जन अधिकार पार्टी के प्रतिनिधि आपस में चर्चा कर फैसला लेंगे। उनकी पार्टी सपा के साथ है और उनकी प्राथमिकता अधिक से अधिक सीटों पर जीत हासिल करना है। उन्होंने कहा कि चाहे जन अधिकार पार्टी हो या समाजवादी पार्टी, गठबंधन के उम्मीदवारों को जीत के लिए मैदान में उतरना चाहिए, ताकि अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनें।

