क्वांटम विवि और माईलॉजिक के बीच ऐतिहासिक समझौते के तहत क्वांटम यूनिवर्सिटी में ग्लोबल एसीसीए इंटीग्रेशन के साथ बी.कॉम (ऑनर्स) प्रोग्राम लॉन्च
•क्वांटम यूनिवर्सिटी ने शुरू किया अंतरराष्ट्रीय मानकों वाला एसीसीए इंटीग्रेटेड बी.कॉम प्रोग्राम
•ग्लोबल अकाउंटिंग एजुकेशन की ओर क्वांटम यूनिवर्सिटी की ऐतिहासिक पहल
•क्वांटम विवि और माईलॉजिक के समझौते से छात्रों को मिलेगा इंटरनेशनल करियर प्लेटफॉर्म

•क्वांटम विवि और माईलॉजिक की साझेदारी से छात्रों को मिलेगा ग्लोबल फाइनेंस करियर का अवसर
रुड़की, 21 मई, 2026। अंतरराष्ट्रीय वाणिज्य एवं वित्त शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए क्वांटम यूनिवर्सिटी, रुड़की के कॉमर्स एंड फाइनेंस विभाग ने माईलॉजिक बिजनेस मैनेजमेंट स्कूल के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू ) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस रणनीतिक साझेदारी के अंतर्गत विशेष रूप से डिज़ाइन किए गए बी.कॉम (ऑनर्स) अकाउंटिंग एंड टैक्सेशन (एसीसीए इंटीग्रेशन, यूके) प्रोग्राम का औपचारिक शुभारंभ किया गया। यह पहल वैश्विक पेशेवर मानकों और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक शिक्षा का एक अभिनव संगम है, जो विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त वित्त विशेषज्ञ बनने का अवसर प्रदान करेगी। इस समझौता ज्ञापन पर क्वांटम यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार डॉ. अमित दीक्षित तथा माईलॉजिक बिजनेस मैनेजमेंट स्कूल के प्रतिनिधि एवं अधिकृत एमओयू पार्टनर विनोद चंद्रन द्वारा औपचारिक रूप से हस्ताक्षर किए गए।
इस अवसर पर क्वांटम विश्वविद्यालय के कुलाध्यक्ष अजय गोयल, वाइस प्रेसिडेंट शोभित गोयल एवं कुलपति प्रो. (डॉ.) विवेक कुमार ने इस समझौते को आज के प्रतिस्पर्धी वैश्विक परिदृश्य में पारंपरिक डिग्री के साथ अंतरराष्ट्रीय व्यावसायिक दक्षताओं के समावेश की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को भविष्य के वैश्विक लीडर्स के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
नव प्रारंभ किए गए बी.कॉम (ऑनर्स) अकाउंटिंग एंड टैक्सेशन प्रोग्राम को इस प्रकार विकसित किया गया है कि इसमें एसोसिएशन ऑफ चार्टर्ड सर्टिफाइड अकाउंटेंट्स (एसीसीए), यूके के विश्वप्रसिद्ध पाठ्यक्रम को सीधे विश्वविद्यालय के स्नातक ढांचे में समाहित किया गया है। इस इंटीग्रेटेड मॉडल के माध्यम से छात्र अपनी स्नातक शिक्षा के साथ-साथ वैश्विक स्तर पर मान्यता प्राप्त एसीसीए प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन की तैयारी भी एक साथ कर सकेंगे।

इस कार्यक्रम की विशेषता यह है कि एसीसीए के वैश्विक मानकों के अनुरूप पाठ्यक्रम होने के कारण विद्यार्थियों को एप्लाइड नॉलेज एवं एप्लाइड स्किल्स स्तर के कुल 9 पेपर्स में छूट प्राप्त होगी। परिणामस्वरूप, विद्यार्थियों को पूर्ण एसीसीए क्रेडेंशियल प्राप्त करने के लिए केवल शेष 4 स्ट्रैटेजिक प्रोफेशनल पेपर्स उत्तीर्ण करने होंगे। इंटरनेशनल फाइनेंशियल रिपोर्टिंग स्टैंडर्ड्स (आईएफआरएस) और ग्लोबल टैक्स कम्प्लायंस पर आधारित यह पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को वैश्विक उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करेगा। इसके माध्यम से छात्र अकाउंटिंग फर्म्स, बहुराष्ट्रीय कंपनियों तथा अंतरराष्ट्रीय ऑडिट फर्मों में करियर के व्यापक अवसर प्राप्त कर सकेंगे।
समझौता ज्ञापन समारोह में क्वांटम स्कूल ऑफ बिजनेस के निदेशक डॉ. मनीष श्रीवास्तव ने इस सहयोग को विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी बताते हुए कहा कि क्वांटम यूनिवर्सिटी की अनुभवी फैकल्टी और माईलॉजिक के इंडस्ट्री-प्रमाणित ट्रेनर्स का संयुक्त प्रयास विद्यार्थियों को व्यावहारिक एवं उद्योगोन्मुख शिक्षा प्रदान करेगा।
इस अवसर पर कॉमर्स एंड फाइनेंस विभाग की समन्वयक डॉ. वर्षा गुप्ता तथा विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. विनय पाल सिंह सहित विश्वविद्यालय के अन्य वरिष्ठ शिक्षाविद् एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

