कांवड़ मेले के दृष्टिगत औषधि विभाग की बड़ी कार्रवाई, 216 मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण कर 8 दुकानों को कारण बताओ नोटिस जारी

बिना ड्रग लाइसेंस दवा विक्रय पर सख्ती, लाइसेंस प्रदर्शित करने एवं नियमों का कड़ाई से पालन करने के दिए निर्देश
हरिद्वार, 22 जुलाई 2026
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशानुसार कांवड़ मेले के दौरान आमजन एवं श्रद्धालुओं को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित दवाइयां उपलब्ध कराने के उद्देश्य से औषधि विभाग द्वारा जनपदभर में सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया।
चंडीदेवी मंदिर से चिड़ियापुर तक सहायक आयुक्त (औषधि) डॉ. अभिमन्यु जोशी के नेतृत्व में वरिष्ठ औषधि निरीक्षक दिलीप जोशी सहित विभागीय टीम ने मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया।
अभियान के दौरान कुल 216 मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में 8 मेडिकल स्टोर बिना ड्रग लाइसेंस के संचालन करते पाए गए, जिनके विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। संबंधित संचालकों को दो दिन के भीतर ड्रग लाइसेंस प्राप्त कर उसे दुकान में प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त 136 मेडिकल स्टोरों पर ड्रग लाइसेंस की प्रति एवं फार्मासिस्ट की उपस्थिति सुनिश्चित कर उसे प्रदर्शित कराया गया। आमजन की सुविधा के लिए तीन औषधि प्रयोगशालाओं का भी निरीक्षण किया गया। साथ ही कांवड़ मेला-2026 से संबंधित विभागीय दिशा-निर्देश मेडिकल स्टोरों पर प्रदर्शित कराए गए।
निरीक्षण के दौरान दवा विक्रेताओं को रेट लिस्ट प्रदर्शित करने, एक्सपायरी दवाओं का विक्रय न करने, दवाओं का सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करने तथा योग्य फार्मासिस्ट की उपस्थिति में ही दवा विक्रय करने के निर्देश दिए गए।

औषधि विभाग ने केमिस्ट एसोसिएशन एवं दवा व्यापारियों से सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से विभागीय दिशा-निर्देशों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का भी आग्रह किया। विभाग ने स्पष्ट किया कि कांवड़ मेले के दौरान यह सघन निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

