
इजरायल ने बार-बार कहा है कि ईरान सिर्फ उसके लिए ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए खतरा है.
अब इजरायली सेना (IDF) ने एक मानचित्र जारी कर समझाया है कि ईरानी मिसाइलों की रेंज कहां तक है. इस मानचित्र में भारत को भी ईरानी मिसाइलों की रेंज में दिखाया गया है. यह पहला मौका है, जब इजरायली सेना ने इस तरह का मानचित्र जारी किया है. इसमें भारत के अलावा रूस और चीन के अधिकांश हिस्से और पूरे यूरोप को जद में दिखाया गया है.
आईडीएफ के X हैंडल पर पोस्ट की गई तस्वीर का कैप्शन है, “ईरानी शासन की धमकी न केवल इजरायल के लिए बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए खतरा है.” इस पोस्ट में ईरानी मिसाइलों की रेंज वाली तस्वीर लगी हुई है. इसमें ईरान की मिसाइलों की 300, 1000, 2000 और 3000 किलोमीटर की रेंज में बांटा गया है. भारत का पश्चिमी क्षेत्र ईरान की 1000 किमी की दूरी तक मार करने वाली मिसाइलों की रेंज में है. इसके बाद आधा भारत 2000 किमी की रेंज वाली मिसाइलों और पूरा भारत 3000 किमी तक मार करने वाली मिसाइलों की रेंज में है.

