शिक्षा के जरिये ही विश्व गुरु बनेगा भारत: स्वामी रामदेव
– कोब्से का तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन हुआ संपन्न
– 56वां सम्मेलन त्रिपुरा में आयोजित करने का प्रस्ताव पारित
– बच्चों के समग्र विकास और शिक्षा की चुनौतियों पर हुआ महामंथन
– कोब्से सदस्यों के परिवारों को दिसंबर-जनवरी में वेलनेस के लिए आमंत्रण
हरिद्वार, 27 नवंबर। छात्रों के सामाजिक-भावनात्मक विकास और कल्याण की चुनौतियों पर केंद्रित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सेमिनार का समापन पतंजलि रिसर्च इंस्टीट्यूट के सभागार में हुआ। 25 से 27 नवंबर तक आयोजित इस सम्मेलन में देश और विभिन्न राज्यों के 41 स्कूली शिक्षा बोर्डों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

तीन दिनों तक बच्चों के समग्र विकास, शिक्षा की बदलती जरूरतों, उनकी चुनौतियों और भारतीय शिक्षा व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं पर व्यापक विमर्श हुआ। इस दौरान काउंसिल ऑफ बोर्ड्स ऑफ स्कूल एजुकेशन इन इंडिया (कोब्से) की जनरल बॉडी की बैठक में 56वां सम्मेलन त्रिपुरा में आयोजित करने का प्रस्ताव पारित किया गया।
समापन समारोह में योग गुरु स्वामी रामदेव ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही भारत विश्व गुरु बन सकता है। भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए शिक्षा के क्षेत्र में विश्व गुरु बनना होगा। जिस प्रकार की शिक्षा व्यवस्था होगी, उसी के अनुरूप बच्चों का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि समग्रता, समानता और समता के साथ जीवन में आगे बढ़ने से समस्याओं की गुंजाइश नहीं रहेगी। उनका सपना है कि भारत में ऐसा समय आए, जब 90 से 99 प्रतिशत बच्चे सरकारी स्कूलों में पढ़ें और अभिभावक अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में पढ़ाने पर गौरव महसूस करें।
तीन दिनों में हुए 12 प्रस्तुतिकरण
कोब्से के महासचिव एमसी शर्मा ने बताया कि 25 से 27 नवंबर के बीच विभिन्न विषयों पर कुल 12 प्रस्तुतिकरण हुए। सम्मेलन में नेपाल, भूटान के साथ देश के विभिन्न राज्यों के 41 शिक्षा बोर्डों के करीब 91 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
उन्होंने कहा कि गंगा आरती से लेकर भारतीय शिक्षा बोर्ड की मेजबानी तक सभी व्यवस्थाओं का प्रतिभागियों ने आनंद लिया। उन्होंने भारतीय शिक्षा बोर्ड को देश के सभी राज्यों तक अपनी पहुंच बढ़ाने और नई ऊंचाइयां हासिल करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
बीएसबी देश का बेहतरीन बोर्ड बनेगा: इम्मानुएल
कोब्से के अध्यक्ष डॉ. जी. इम्मानुएल ने कहा कि यह बेहद सफल आयोजन रहा। बच्चों के सर्वांगीण विकास तथा उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर व्यापक मंथन किया गया। उन्होंने आशा जताई कि भारतीय शिक्षा बोर्ड देश का एक बेहतरीन शिक्षा बोर्ड बनेगा।
सभी शिक्षा बोर्ड मिलकर बच्चों का भविष्य संवारें: एनपी सिंह
भारतीय शिक्षा बोर्ड के कार्यकारी अध्यक्ष एनपी सिंह ने कहा कि केवल भारतीय शिक्षा बोर्ड ही नहीं, बल्कि देश के सभी शिक्षा बोर्डों को एक साथ खड़ा होना होगा। सामूहिक प्रयासों से ही बच्चों का बेहतर भविष्य गढ़ा जा सकता है।
शिक्षा के जरिए हो देश का निर्माण
स्वामी रामदेव ने कहा कि देश को आगे बढ़ाने के लिए केवल नारों से काम नहीं चलेगा, बल्कि शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ना होगा। योग और आयुर्वेद भी शिक्षा के ही आयाम हैं। शिक्षा में दृष्टि और दक्षता का समावेश होना चाहिए।
इस अवसर पर स्वामी रामदेव ने कोब्से के चेयरमैन, सचिव और सदस्यों के परिवारों को दिसंबर 2026 और जनवरी 2027 में वेलनेस के लिए आमंत्रित किया।
समापन समारोह का संचालन भारतीय शिक्षा बोर्ड की डायरेक्टर (एकेडमिक) एवं सम्मेलन की नोडल अधिकारी डॉ. वंदना पाण्डेय ने किया।
फोटो कैप्शन –
कोब्से के तीन दिवसीय सम्मेलन के समापन अवसर पर योग गुरु स्वामी रामदेव संबोधित करते हुए।

