गंगा न्यूज़ 24 • हरिद्वार
संस्कार भारती ने आस्था के दीप जलाकर दिया संस्कृति संरक्षण का संदेश
हरिद्वार। संस्कार भारती महानगर इकाई, हरिद्वार ने देवउठनी एकादशी एवं उत्तराखंड के पारंपरिक लोकपर्व इगास-बग्वाल (बूढ़ी दीपावली) के पावन अवसर पर गोविंदपुरी घाट पर श्रद्धा, उत्साह और सांस्कृतिक गरिमा के साथ आयोजन किया।
स्वच्छता से हुई शुरुआत
कार्यक्रम का शुभारंभ गोविंदपुरी घाट पर स्वच्छता अभियान के साथ हुआ। संस्कार भारती परिवार के सदस्यों और उपस्थित जनसमुदाय ने घाट परिसर की साफ-सफाई में सहभागिता की। इस अवसर पर संदेश दिया गया कि धार्मिक और सांस्कृतिक आस्था के केंद्र तभी सुंदर और पवित्र बने रह सकते हैं, जब हम उनके संरक्षण और स्वच्छता के प्रति भी जागरूक रहें।

रंगोली, दीप सज्जा और गंगा आरती
संस्था की मातृ शक्तियों ने फूलों की सुंदर रंगोली बनाकर मां गंगा के तट को सजाया और दीप सज्जा से आयोजन स्थल को पारंपरिक स्वरूप दिया। सायंकाल में आचार्य शिवनारायण शर्मा ने गंगा तट पर दीप प्रज्ज्वलित कराकर गंगा पूजन एवं आरती के साथ दीपदान कार्यक्रम संपन्न कराया।
असंख्य दीपों की स्वर्णिम आभा ने वातावरण को भक्तिमय कर दिया।
मुख्य अतिथियों का उद्बोधन
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अध्यात्म चेतना संघ के संस्थापक, कथाव्यास आचार्य करुणेश मिश्र एवं पूर्व महाप्रबंधक भेल व राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संपर्क प्रमुख संजय पवार ने देवउठनी एकादशी के धार्मिक महत्व और इगास-बग्वाल की सांस्कृतिक परंपराओं पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि आधुनिकता के इस दौर में अपनी लोकसंस्कृति, पारंपरिक पर्वों, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
संस्कृति सिर्फ उत्सव से नहीं, आचरण से मजबूत होगी
इस अवसर पर संस्कार भारती परिवार ने संकल्प व्यक्त किया कि भारतीय संस्कृति की जड़ें केवल उत्सवों के आयोजन से मजबूत नहीं होतीं, बल्कि उनके पीछे निहित जीवन मूल्यों, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सेवा भाव को अपने आचरण में उतारने से होती हैं।
कार्यक्रम के अंत में समाजसेवी रोहन सहगल ने कहा कि यह आयोजन संस्कृति के संरक्षण, लोकपर्वों के संवर्धन, स्वच्छता के प्रति जागरूकता और आध्यात्मिक चेतना के प्रसार की दिशा में सार्थक पहल रहा।
इकाई मंत्री संतोष कुमार साहू ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की सामूहिक सहभागिता ही हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत और चिर स्थायी बनाती है।
कौन-कौन रहा मौजूद?
कार्यक्रम में हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण के नव नामित सदस्य एवं संस्कार भारती के संरक्षक डॉ. विशाल गर्ग, वरिष्ठ समाजसेवी जगदीश लाल पाहवा, भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारी सदस्य रोहन सहगल, प्रमोद शर्मा, महेन्द्र आहूजा, डॉ. महेश चंद्र काला, डॉ. गौरव गुप्ता, डॉ. नूपुर गुप्ता, संस्कार भारती उत्तराखंड प्रांत मंत्री राकेश मालवीय, प्रांतीय मातृ शक्ति प्रमुख ज्योति भट्ट सहित कई कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

