अंकिता की निजी चैट लीक पर गरमाई उत्तराखंड की सियासत, महिला कांग्रेस का हल्ला बोल

गंगा न्यूज़ 24 • हरिद्वार

अंकिता की निजी चैट लीक पर गरमाई उत्तराखंड की सियासत, महिला कांग्रेस का हल्ला बोल

देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर उत्तराखंड की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। अंकिता और उसके दोस्त की निजी चैट सार्वजनिक किए जाने के विरोध में मंगलवार को महिला कांग्रेस ने भाजपा के पूर्व राज्य मंत्री डॉ. विनोद आर्य के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।

प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में दर्जनों महिला कार्यकर्ताओं ने डॉ. विनोद आर्य के आवास की ओर कूच किया, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें बीच रास्ते में ही रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक और धक्कामुक्की हुई।

प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निजी चैट सार्वजनिक किए जाने को महिला की निजता और सम्मान पर हमला बताते हुए डॉ. विनोद आर्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। कार्यकर्ताओं का कहना था कि अंकिता भंडारी पहले ही एक जघन्य हत्याकांड की शिकार हो चुकी है। ऐसे में उसकी निजी बातचीत को सार्वजनिक करना बेहद संवेदनशील और निंदनीय है।

पुलिस द्वारा आगे बढ़ने से रोके जाने पर महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कड़ी नाराजगी जताई। करीब आधे घंटे तक मौके पर हंगामा चलता रहा। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कई बार तीखी बहस हुई। बाद में पुलिस ने प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला को हिरासत में ले लिया।

ज्योति रौतेला ने कहा –
उत्तराखंड की बेटी अंकिता की निजी चैट सार्वजनिक किया जाना बेहद शर्मनाक है। किसी महिला की निजता और सम्मान के साथ इस तरह खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई हो।

महेश प्रताप राणा ने कहा –
अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े मूल सवालों से ध्यान भटकाने के लिए पूरे प्रकरण को दूसरी दिशा में ले जाने का प्रयास किया जा रहा है। निजी चैट सार्वजनिक किए जाने का मामला बेहद गंभीर है और कांग्रेस इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी।

फिलहाल अंकिता की निजी चैट को लेकर शुरू हुआ विवाद राजनीतिक बयानबाजी से आगे बढ़कर सड़कों पर पहुंच गया है। महिला कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

दिनांक: 17 नवंबर 2026

GangaNews24 #AnkitaBhandari #Uttarakhand

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *