नैनीताल। हाईकोर्ट ने सिडकुल की 400 करोड़ रुपये से अधिक की सरकारी भूमि के अनियमित आवंटन के तीन मामलों में दायर याचिका पर सुनवाई के लिए 18 नवंबर की तिथि नियत की है।

गंगा न्यूज़ 24 • हरिद्वार

सरकारी भूमि के अनियमित आवंटन मामले में सुनवाई 18 को

नैनीताल। हाईकोर्ट ने सिडकुल की 400 करोड़ रुपये से अधिक की सरकारी भूमि के अनियमित आवंटन के तीन मामलों में दायर याचिका पर सुनवाई के लिए 18 नवंबर की तिथि नियत की है।

कार्यवाहक मुख्य न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी एवं न्यायमूर्ति सुभाष उपाध्याय की खंडपीठ के समक्ष मामले की सुनवाई हुई।

अभिनव थापर ने हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर कर कहा था कि सिडकुल की सरकारी भूमि के आवंटन, टेंडर प्रक्रिया और भूमि हस्तांतरण में अनियमितताएं की गई हैं।

हरिद्वार का मामला – प्लॉट 94सी व 95ए, सेक्टर-6ए
याचिका में कहा गया कि हरिद्वार के औद्योगिक क्षेत्र में प्लॉट संख्या 94सी व 95ए, सेक्टर-6ए की भूमि मूलरूप से सरकारी ट्यूबवेल, बफर जोन एवं ग्रीन बेल्ट के लिए निर्धारित थी। इसके बावजूद इस भूमि के व्यावसायिक उपयोग और आवंटन की प्रक्रिया की जा रही है।

याचिका में कहा गया कि आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया और पर्यावरणीय स्वीकृतियों के बिना ग्रीन बेल्ट की भूमि के उपयोग में बदलाव किया गया।

देहरादून का मामला – आईटी पार्क, सहस्रधारा रोड
देहरादून के सहस्रधारा रोड स्थित आईटी पार्क की प्लॉट संख्या आर वन व आरटू की लगभग 23,137 वर्ग मीटर भूमि, जिसका अनुमानित मूल्य याचिका में करीब 300 करोड़ रुपये बताया गया है, मूलरूप से आईटी पार्क एवं अन्य सार्वजनिक उद्देश्यों के लिए अधिग्रहित की गई थी।

याचिका के अनुसार, यह भूमि पहले भारतीय रिजर्व बैंक एवं नाबार्ड जैसी सरकारी संस्थाओं को आवंटित की गई थी, लेकिन बाद में उनके आवंटन निरस्त कर दिए गए। इसके पश्चात इस भूमि पर मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल स्थापित करने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई, जिसे बाद में निरस्त कर आवासीय परियोजना के लिए टेंडर जारी कर दिया गया।

कहा गया कि नाबार्ड ने 28 जुलाई 2025 एवं 8 अगस्त 2025 को पत्र लिखकर टेंडर प्रक्रिया पर आपत्ति जताई थी, इसके बावजूद प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।

हरिद्वार का तीसरा मामला – प्लॉट 3, सेक्टर-3
याचिका में हरिद्वार के औद्योगिक क्षेत्र में प्लॉट संख्या 3, सेक्टर-3 की भूमि को लेकर आरोप लगाया गया कि सिडकुल की निर्धारित शर्तों एवं आवश्यक अनुमति की प्रक्रिया का पालन किए बिना भूमि का हस्तांतरण किया गया।

अब इस मामले में अगली सुनवाई 18 नवंबर को होगी।

दिनांक: 17 नवंबर 2026
स्थान: हरिद्वार / नैनीताल, उत्तराखंड

GangaNews24 #Haridwar #Nainital #HighCourt #SIDCUL

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *