जनपद हरिद्वार में 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक “स्वच्छता ही सेवा–2026” अभियान का होगा व्यापक आयोजन

जनपद हरिद्वार में 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक “स्वच्छता ही सेवा–2026” अभियान का होगा व्यापक आयोजन

स्वच्छता में सहभागिता, स्वच्छ भारत–विकसित भारत थीम पर जनभागीदारी से चलेंगे विशेष अभियान

हरिद्वार, 17 सितम्बर 2026

        भारत सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग तथा आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के निर्देशों के क्रम में जनपद हरिद्वार में 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर 2026 तक “स्वच्छता ही सेवा–2026 (SHS-2026)” अभियान का व्यापक आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशानुसार अभियान के अंतर्गत जनपद के सभी नगर निकायों, ग्राम पंचायतों, शासकीय कार्यालयों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों सहित सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता एवं जनजागरूकता से जुड़ी विविध गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।

अभियान की थीम “स्वच्छता में सहभागिता, स्वच्छ भारत, विकसित भारत” रखते हुए स्वच्छता को जन आंदोलन का स्वरूप देने पर विशेष बल दिया जाएगा। अभियान के प्रथम चरण में विद्यालयों में स्वच्छता शपथ, स्वच्छता जागरूकता रैली, चित्रकला, वाद-विवाद एवं निबंध प्रतियोगिताएँ, स्वच्छता ज्ञान कार्यशालाएँ तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (SWM) नियम-2026 पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। विद्यार्थियों को जल संरक्षण, कचरा पृथक्करण तथा रिड्यूस, रीयूज़ एवं रीसाइकिल (3R) के महत्व से भी अवगत कराया जाएगा।


अभियान के दौरान जनपद की सभी स्वच्छता लक्षित इकाइयों (CTUs), सार्वजनिक शौचालयों, बाजारों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशन, अस्पतालों, नदी घाटों, अमृत सरोवरों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायतों तथा ग्राम पंचायतों द्वारा श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और स्थानीय नागरिकों, स्वयं सहायता समूहों, युवा मंडलों तथा स्वयंसेवी संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
23 से 26 सितम्बर तक जन-जागरूकता एवं जनभागीदारी अभियान के अंतर्गत घर-घर जाकर कचरा पृथक्करण, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, सिंगल यूज़ प्लास्टिक उन्मूलन, प्लास्टिक मुक्त बाजार, गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण तथा कम्पोस्ट निर्माण के संबंध में जागरूकता फैलाई जाएगी। इसके साथ ही “कूड़े से कला”, “स्वच्छ खेल-खेल” प्रतियोगिताएँ, प्लास्टिक रीसाइक्लिंग मेला तथा पुराने कचरे (Legacy Waste) के निस्तारण जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
27 से 30 सितम्बर तक पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान, स्वच्छता कॉम्प्लेक्स की सफाई, स्वच्छता संवाद, सफाई मित्र सम्मान शिविर, स्वास्थ्य परीक्षण, सुरक्षा उपकरण वितरण तथा स्वच्छता कर्मियों के सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों द्वारा सामूहिक श्रमदान और स्वच्छता जागरूकता गतिविधियाँ भी संचालित की जाएंगी।
02 अक्टूबर, गांधी जयंती के अवसर पर जनपदभर में सामूहिक स्वच्छता श्रमदान, “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष ग्राम सभाओं के माध्यम से स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुँचाया जाएगा। सभी विभागों को निर्देशित किया गया है कि अभियान की प्रत्येक गतिविधि का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए फोटो एवं रिपोर्ट समयबद्ध रूप से स्वच्छता ही सेवा पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें, ताकि अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन एवं जनसहभागिता सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *