GANGA NEWS 24 | विशेष रिपोर्ट
यूपी में ₹120 करोड़ की टोल टैक्स चोरी! मेरठ में टोल कारोबारियों के घर पर ED की रेड
संवाददाता कुलदीप शर्मा की रिपोर्ट | मेरठ / हरिद्वार
उत्तर प्रदेश के टोल प्लाजा घोटाले को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। एनएचएआई के टोल प्लाजा पर निजी फर्जी सॉफ्टवेयर के जरिए अवैध वसूली और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में बुधवार को देश के 7 राज्यों और दिल्ली-एनसीआर में एक साथ 14 ठिकानों पर छापेमारी की गई।
इसी कड़ी में ED की लखनऊ जोनल टीम बुधवार को मेरठ के गंगानगर स्थित राधा गार्डन पहुंची। यहाँ टोल कारोबार से जुड़े बताए जा रहे रविंद्र कुमार शर्मा और उनके भाई देवेंद्र कुमार शर्मा के घर पर करीब 6 से 7 घंटे तक तलाशी चली।
कैसे करते थे खेल?
जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी टोल पर लगा सरकारी सॉफ्टवेयर नहीं, बल्कि अपना निजी सॉफ्टवेयर इस्तेमाल करते थे। बिना FASTag वाले वाहनों को बिना रिकॉर्ड के टोल से गुजार दिया जाता था और नकद वसूली कर रकम को हड़प लिया जाता था। इसी तरह लगभग ₹120 करोड़ की टोल टैक्स चोरी का अनुमान है।
मेरठ में गोपनीय कार्रवाई
बुधवार को ED की टीम एक वाहन से राधा गार्डन पहुंची और सीधे घर के अंदर दाखिल होकर दरवाजा बंद करा दिया। बाहर दो सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया। घर के अलग-अलग हिस्सों में कागजात, दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड खंगाले गए। महत्वपूर्ण दस्तावेजों को टीम अपने साथ ले गई। कार्रवाई इतनी गोपनीय रखी गई कि आसपास के लोगों को कई घंटे तक भनक तक नहीं लगी। देर रात टीम के निकलने और घर के बाहर नोटिस चस्पा होने के बाद ही लोगों को पता चला कि यहां केंद्रीय जांच एजेंसी आई थी।
फिलहाल ED ने जब्त दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक इस रैकेट के तार कई और टोल कंपनियों से जुड़े हो सकते हैं।
स्थान: गंगानगर राधा गार्डन, मेरठ | दिनांक: 06 सितंबर 2026
#TollScam #EDRaid #MeerutNews #UPNews #GangaNews24

