7 साल के भारतीय मूल के बच्चे का कमाल, UK का सबसे कठिन GCSE Maths एग्जाम किया पास
लंदन। भारतीय मूल के 7 साल के बच्चे जिव्यान रेड्डी ध्रुवा ने ब्रिटेन के सबसे कठिन एग्जाम में से एक GCSE Maths पास कर सबको हैरान कर दिया है। यह परीक्षा आमतौर पर 16 से 17 साल की उम्र के बच्चों के लिए होती है, लेकिन ‘मैथ्स जीनियस’ जिव्यान ने बिना स्कूलिंग के महज 7 साल की उम्र में न सिर्फ इसे पास किया, बल्कि ग्रेड-8 हासिल किया। इस परीक्षा का सर्वाधिक स्कोर ग्रेड-9 होता है।
जिव्यान के माता-पिता मूल रूप से आंध्र प्रदेश के रहने वाले हैं और लगभग पांच साल से लंदन के वेस्ट साउथ रुइस्लिप में रह रहे हैं। बेटे की प्रतिभा को देखते हुए पिता ने उसे घर पर पढ़ाने का फैसला किया। वह इस साल फरवरी तक लंदन के प्राइमरी स्कूल में पढ़ता था।
परिवार ने बताया कि पेरेंट्स के लिए बेटे को होम एजुकेशन देना आसान नहीं होता, इसमें काफी मेहनत और कॉर्डिनेशन चाहिए। परिवार कुछ विषयों को बेटे के लिए और ज्यादा इंटरैक्टिव और इंटरेस्टिंग बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की भी मदद लेता है।

