असली पनीर पर नहीं, नकली ‘एनालॉग पनीर’ पर लगेगा बैन, केंद्र सरकार ले सकती है बड़ा फैसला
नई दिल्ली। अगर आप पनीर खाना पसंद करते हैं तो ये खबर आपके लिए है। पूरे देश में पनीर पर बैन नहीं लग रहा, बल्कि एनालॉग पनीर / सिंथेटिक पनीर पर बैन की तैयारी है।
दरअसल, FSSAI के CEO राजित पुनहानी ने संकेत दिया है कि एनालॉग पनीर का मुद्दा अब सिर्फ कुछ राज्यों तक सीमित नहीं रहा और जल्द ही इसके इस्तेमाल पर देशव्यापी बैन लगाने की घोषणा की जा सकती है।
क्या होता है एनालॉग पनीर?
ये देखने में असली पनीर जैसा ही लगता है, लेकिन दूध की फैट की जगह इसमें वनस्पति तेल, पाम ऑयल, स्टार्च और केमिकल से बनाया जाता है। सस्ता होने की वजह से कई होटल, रेस्टोरेंट और क्लाउड किचन इसे असली पनीर बताकर बेच रहे थे।
इन राज्यों में लग चुका है बैन
महाराष्ट्र और कर्नाटक में एनालॉग पनीर के निर्माण, भंडारण, ट्रांसपोर्ट और बिक्री पर 1 साल के लिए पूरी तरह प्रतिबंध लगाया जा चुका है। इसके अलावा गुजरात, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब में भी कार्रवाई शुरू हो चुकी है।
FSSAI की तैयारी है कि बाजार में बिकने वाले सिंथेटिक पनीर पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को भ्रम से बचाया जा सके।

