तमिलनाडु सरकार ने नवजात शिशुओं के लिए ‘थाई मामन स्वर्ण अंगूठी योजना’ के तहत सोने की अंगूठियां खरीदने के लिए दो आभूषण कंपनियों को कार्यादेश जारी किया

तमिलनाडु सरकार ने नवजात शिशुओं के लिए ‘थाई मामन स्वर्ण अंगूठी योजना’ के तहत सोने की अंगूठियां खरीदने के लिए दो आभूषण कंपनियों को कार्यादेश जारी किया है।

सरकार यह योजना पूर्व मुख्यमंत्री सी. एन. अन्नादुरई की जयंती के अवसर पर 15 सितंबर को शुरू करने जा रही है। सरकार ने शुक्रवार देर रात बताया कि तमिलनाडु चिकित्सा सेवा निगम (टीएनएमएससी) ने जून से सितंबर तक के लाभार्थियों के लिए आवश्यक सोने की 1,28,499 अंगूठियों की आपूर्ति के लिए जॉय अलुक्कास और कल्याण ज्वैलर्स को 70:30 के अनुपात में कार्यादेश जारी किए हैं।

मुख्यमंत्री विजय ने अप्रैल में हुए विधानसभा चुनाव से पहले इस योजना की घोषणा की थी। इसका लाभ सरकारी अस्पतालों में पैदा हुए शिशुओं को मिलेगा ताकि सरकारी चिकित्सा संस्थानों में प्रसव को प्रोत्साहित किया जा सके। सरकार की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘एक ग्राम वजन की सोने की 4,41,667 अंगूठियां उपलब्ध कराने के शासकीय आदेश के बाद तमिलनाडु चिकित्सा सेवा निगम ने 14 जुलाई को निविदा जारी की थी। इसमें 11 कंपनियों ने हिस्सा लिया और ‘टीएन टेंडर्स’ पोर्टल के जरिए अपनी कीमतों का ब्योरा दिया।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *