अपने संघर्ष और खूबसूरती के लिए चर्चा में रहने वाली मध्य प्रदेश के कटनी की पुलिस अधीक्षक सीएसपी नेहा पच्चीसिया इस समय प्रशासनिक संकट और कानूनी जांच के घेरे में फंसी हुई हैं।
नेहा पर ट्रांसपोर्टर से ₹30,000 की अवैध वसूली और विभागीय लापरवाही के आरोप लगे हैं। दरअसल, नेहा पच्चीसिया पहले एयर इंडिया में एयर होस्टेस थीं, लेकिन बाद में उन्होंने नौकरी छोड़कर राज्य प्रशासनिक सेवा के माध्यम से पुलिस विभाग में अपना करियर बनाया।
कटनी जिले के ट्रांसपोर्ट व्यापारी महेंद्र जैन, जिनकी पांच गाड़ियां रेत और डोलोमाइट परिवहन में लगी हुई हैं, ने पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा से लिखित शिकायत की। उन्होंने बताया कि चेकिंग के नाम पर उनकी हाईवा गाड़ी को रोककर सीएसपी नेहा पच्चीसिया द्वारा ₹30,000 की मांग की गई थी। मौके पर ₹25,000 नकद लिए गए, जबकि शेष ₹5,000 अगले दिन चालक के माध्यम से देने की बात कही गई। पैसे न देने पर वाहन को थाने में खड़ा कर कार्रवाई का दबाव बनाया गया। शिकायतकर्ता ने सबूत के साथ उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

