सहारनपुर में हापुड़ में तैनात जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) सीमा चौधरी पर 5 लोगों पर FIR हुई है।
यह केस उनकी मां ने दर्ज कराया है।
मां की तहरीर पर पुलिस ने धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक साजिश और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
DSO की मां का आरोप है कि मेरी बेटी ने अपनी ‘काली कमाई’ को छिपाने के लिए मेरे खाते का उपयोग किया। मेरी बिना अनुमति और जानकारी के खाते में 15 लाख रुपए डालवाए। मेरी जमीन हड़पने की कोशिश हुई। मैंने जब मना किया तो मुझे जान से मारने की धमकी दी। थाना सरसावा में यह केस दर्ज हुआ है।
ग्राम मिरपुर सीतापुर निवासी श्रीमती मुनेश रानी ने बताया कि आईसीआईसीआई बैंक में मेरा खाता है। मेरी बेटी ने अपनी ई-मेल आईडी के जरिए खाते का संचालन किया। बैंकिंग गतिविधियों को नियंत्रित किया। खाते में हुए लेनदेन की जानकारी मुझे कभी नहीं दी गई।
बताया कि मेरी बेटी सीमा चौधरी ने मेरे खाते में 15 लाख रुपए जमा कराए। मुझे इसकी जानकारी नहीं दी गई। जब मैं बैंक गई तो इसकी जानकारी हुई। आरोप है कि मेरी बेटी ने अपनी ‘काली कमाई’ को छिपाने के लिए मेरे खाते का उपयोग किया।
बताया कि मेरी बेटी एक भूमाफिया गिरोह का हिस्सा है। बेटी ने संजीव कुमार चौधरी, राजेंद्र राणा, गंभीर और नरेश कुमार से मिलकर मेरी जमीन पर कब्जा करने की साजिश रची। 16 सितंबर 2023 की एक फर्जी रसीद तैयार कर उनके जाली हस्ताक्षरों के आधार पर जमीन हड़पने का प्रयास किया।
तहसील प्रशासन से इसकी जानकारी मुझे हुई। मैंने जब विरोध किया तो मुझे जान से मारने की धमकी दी गई। फिर मुझे मजबूरन अपनी जमीन बेचनी पड़ी।
उन्होंने बताया कि मैंने सरसावा थाने में तहरीर दी। मगर कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद मैंने डीआईजी सहारनपुर से शिकायत की। उनके आदेश पर गुरुवार को सीमा चौधरी समेत 5 पर केस दर्ज हुआ।

