अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं है; यह करोड़ों भारतीयों की आस्था, विश्वास और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है।

अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं है; यह करोड़ों भारतीयों की आस्था, विश्वास और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है।

ऐसे पवित्र स्थल पर श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित दान में कथित अनियमितताओं और चोरी के आरोप केवल एक आपराधिक घटना नहीं, बल्कि जनविश्वास की परीक्षा भी हैं।

अब जबकि प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है, प्रश्न केवल यह नहीं है कि चोरी किसने की, बल्कि यह है कि जांच किस प्रकार की जाए जिससे सत्य सामने आए, दोषियों को दंड मिले और करोड़ों श्रद्धालुओं का विश्वास पुनः स्थापित हो।

जनवरी 2024 में प्राण-प्रतिष्ठा के बाद से अयोध्या में श्रद्धालुओं का अभूतपूर्व सैलाब उमड़ा है। प्रतिदिन लाखों श्रद्धालुओं के दर्शन करने की खबरें लगातार आती रही हैं। विभिन्न सार्वजनिक अनुमानों के अनुसार, उद्घाटन के बाद से मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या करोड़ों में पहुंच चुकी है।

वर्ष 2025 के महाकुंभ के दौरान आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार लगभग 65 करोड़ श्रद्धालुओं ने प्रयागराज में स्नान किया। यह मानना असंगत नहीं होगा कि उनमें से बड़ी संख्या अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन भी करने पहुंची होगी।

यदि प्रत्येक श्रद्धालु औसतन छोटी-सी राशि भी दान करता हो, तो कुल दानराशि हजारों करोड़ रुपये के स्तर तक पहुंच सकती है।

यह केवल एक संभावित अनुमान है; वास्तविक आंकड़े अधिकृत अभिलेखों से ही स्पष्ट होंगे। किंतु इतना निर्विवाद है कि इतनी विशाल धनराशि का प्रबंधन किसी सामान्य व्यवस्था के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता।

यही कारण है कि इस प्रकरण को साधारण चोरी का मामला मानना गंभीर भूल होगी। यह मूलतः एक आर्थिक अपराध है। आर्थिक अपराधों की विशेषता यह होती है कि चोरी की गई राशि तत्काल खर्च नहीं होती; उसे विभिन्न खातों, निवेशों, बेनामी संपत्तियों अथवा अन्य वित्तीय माध्यमों से छिपाने और वैध रूप देने का प्रयास किया जाता है। इसलिए जांच का सबसे महत्वपूर्ण सिद्धांत होना चाहिए—“धन का पीछा करो” (Follow the Money)। प्रत्येक रुपये का स्रोत, उसका संग्रह, उसकी गिनती, बैंक में जमा होने की प्रक्रिया, लेखांकन और अंतिम उपयोग का वैज्ञानिक परीक्षण किया जाना चाहिए। जहां धन गायब हुआ है, वहां उसका कोई न कोई वित्तीय, दस्तावेजी अथवा डिजिटल निशान अवश्य होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *