हरिद्वार नगर सीट पर संत की सियासी दस्तक, श्रीमहंत राज गिरि ने ठोकी दावेदारी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट

हरिद्वार नगर सीट पर संत की सियासी दस्तक, श्रीमहंत राज गिरि ने ठोकी दावेदारी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट से मुलाकात कर मांगा टिकट, विकास और सनातन परंपरा को बताया प्राथमिकता

हरिद्वार। विधानसभा चुनाव की आहट के साथ धर्मनगरी हरिद्वार की सियासत में संत समाज की सक्रियता बढ़ने लगी है। हरिद्वार नगर विधानसभा सीट से अब संत समाज की ओर से भी दावेदारी सामने आ गई है।

श्रवण नाथ मठ के सचिव, ऋषिकेश स्थित वीरभद्र महादेव मंदिर के प्रबंधक और वीरपुर मठ के अध्यक्ष श्रीमहंत राज गिरी ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट से मुलाकात कर हरिद्वार नगर सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई। महंत की दावेदारी सामने आने के बाद भाजपा के भीतर और स्थानीय राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

हरिद्वार नगर विधानसभा सीट भाजपा के लिए लंबे समय से मजबूत गढ़ मानी जाती है। वर्ष 2002 में हुए पहले विधानसभा चुनाव के बाद से भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक लगातार पांच बार इस सीट से विधायक चुने गए हैं। ऐसे में धार्मिक क्षेत्र में मजबूत पकड़ रखने वाले महंत राज गिरी की ओर से टिकट की दावेदारी किए जाने को आगामी चुनाव के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

कुंभ और हरिद्वार के विकास पर चर्चा

महंत राज गिरी ने प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट से मुलाकात के दौरान हरिद्वार के समग्र विकास, आगामी कुंभ की तैयारियों और तीर्थनगरी की धार्मिक मर्यादा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि हरिद्वार विश्वभर में सनातन संस्कृति और आस्था का प्रमुख केंद्र है। संत समाज की सक्रिय भागीदारी से धर्मनगरी के धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक विकास को नई दिशा दी जा सकती है।

धार्मिक क्षेत्र में निभा रहे जिम्मेदारी

महंत राज गिरी हरिद्वार और ऋषिकेश के धार्मिक एवं सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय हैं। वह श्री मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी और ऐतिहासिक श्रवण नाथ मठ के सचिव हैं। इसके अलावा ऋषिकेश स्थित प्राचीन वीरभद्र महादेव मंदिर के प्रबंधक और वीरपुर मठ के अध्यक्ष के रूप में भी धार्मिक, शैक्षणिक और जनसेवा से जुड़े कार्यों में भूमिका निभा रहे हैं।

उनकी चुनावी दावेदारी के बाद हरिद्वार नगर सीट पर भाजपा के संभावित प्रत्याशियों को लेकर सियासी चर्चाएं और तेज हो गई हैं।

GangaNews24 #Haridwar #MahantRajGiri #MahendraBhatt

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *