सुल्तानपुर में मंत्री मनोज पांडेय का बड़ा ऐलान: 60+ महिलाओं को रोडवेज में फ्री यात्रा


सुल्तानपुर में मंत्री मनोज पांडेय का बड़ा ऐलान: 60+ महिलाओं को रोडवेज में फ्री यात्रा

सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज पांडेय बुधवार को सुल्तानपुर पहुंचे और कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेसवार्ता को संबोधित किया।

इस दौरान उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए 2 बड़ी घोषणाएं कीं।

बुजुर्ग महिलाओं को बस सफर में बड़ी राहत
खाद्य मंत्री ने बताया कि योगी सरकार की ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना’ के तहत 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाओं को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम (UPSRTC) की सभी बसों में आजीवन कोई किराया नहीं देना होगा। बुजुर्ग महिलाएं तीर्थ यात्रा, दर्शन या अपने निजी कार्यों के लिए प्रदेश में कहीं भी मुफ्त यात्रा कर सकेंगी।

इस सुविधा का लाभ लेने के लिए महिलाओं को अपनी उम्र के सत्यापन के तौर पर वोटर आईडी या आधार कार्ड दिखाना होगा। बाद में इसके लिए स्मार्ट कार्ड भी बनाया जाएगा। कैबिनेट ने इसके लिए अनुपूरक बजट में 100 करोड़ का प्रावधान किया है। इससे 1 करोड़ से अधिक महिलाएं लाभान्वित होंगी।

मंत्री ने बताया कि रक्षाबंधन पर 27 अगस्त सुबह 6 बजे से 29 अगस्त रात 12 बजे तक सभी महिलाओं को सहयात्री सहित मुफ्त यात्रा की सुविधा भी दी गई है।

राशन दुकानों पर मिलेंगी नई सुविधाएं
मंत्री ने बताया कि प्रदेश में करीब 17 करोड़ लोगों को मुफ्त खाद्यान्न दिया जा रहा है। अब राशन दुकानों पर लाभार्थियों के लिए बैठने के लिए कुर्सी, ठंडे पानी और गुड़-पेठा की व्यवस्था भी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *