तीर्थनगरी की मर्यादा बचाने के लिए राष्ट्रीय सावक मंच की गोष्ठी, भारी बारिश में उमड़ा जनसैलाब – नशा मुक्त हरिद्वार का लिया संकल्प

GANGA NEWS 24 | हरिद्वार

तीर्थनगरी की मर्यादा बचाने के लिए राष्ट्रीय सावक मंच की गोष्ठी, भारी बारिश में उमड़ा जनसैलाब – नशा मुक्त हरिद्वार का लिया संकल्प

संवाददाता मनोज ठाकुर | हरिद्वार

हरिद्वार। राष्ट्रीय सावक मंच द्वारा तीर्थनगरी हरिद्वार को नशे के कलंक से मुक्त कराने और युवाओं की दशा-दिशा सुधारने के लिए एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी का आयोजन सावक मंच के संयोजक चंद्रमोहन कौशिक के संयोजन में सेवासमिति भवन, हरिद्वार में किया गया।

भारी बरसात के बावजूद गोष्ठी में सैकड़ों युवाओं, मातृशक्ति और स्थानीय जनता ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जो तीर्थनगरी के लोगों में नशे के खिलाफ आक्रोश को दर्शाता है।

गणमान्य लोगों की गरिमामय उपस्थिति –

गोष्ठी में प्रमुख रूप से शिक्षाविद एवं एसएम जैन पीजी कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. अशोक मिश्र, उदासीन अखाड़े के सचिव रघुवीर दास महाराज, वरिष्ठ समाजसेवी पूर्व सभासद डॉ. सत्यनारायण शर्मा, बार काउंसिल सदस्य वरिष्ठ अधिवक्ता सुभाष त्यागी, पूर्व सभासद दिनेश जोशी, बृजभूषण विद्यार्थी, जेपी बडोनी, पंडित अधीर कौशिक सहित कई गणमान्य मौजूद रहे।

क्या कहा वक्ताओं ने –

डॉ. अशोक मिश्र ने कहा कि चंद्रमोहन कौशिक के नेतृत्व में आज बरसात में जुटा जनसमर्थन इस बात का प्रमाण है कि हरिद्वार को नशा मुक्त बनाने के लिए सावक मंच के बैनर तले एक जनक्रांति की शुरुआत हो चुकी है।

रघुवीर दास महाराज ने कहा कि चंद्रमोहन कौशिक लंबे समय से हरिद्वार की जन समस्याओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। बरसात में भी भारी जनसमर्थन जुटना बताता है कि जनता का उन पर पूर्ण भरोसा है। संत समाज नशा मुक्ति अभियान में तन-मन-धन से उनके साथ है।

डॉ. सत्यनारायण शर्मा और सुभाष त्यागी ने कहा कि धर्मनगरी को कलंकित कर रहा नशा युवा पीढ़ी को पतन की ओर ले जा रहा है, इसे जड़ से खत्म करने के लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा।

संयोजक चंद्रमोहन कौशिक ने कहा कि बरसात में पहुंचे आप सभी का स्नेह ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। आप सभी के सहयोग से हम तीर्थनगरी की मर्यादा और युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए नशा विरोधी आंदोलन को आगे बढ़ाएंगे।

गोष्ठी के अंत में उपस्थित सैकड़ों युवाओं एवं मातृशक्ति ने तीर्थनगरी को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में सावक मंच के जिला अध्यक्ष कीर्तिकांत शर्मा, महामंत्री विशाल यादव, शरद अग्रवाल, शिवम कौशिक, तरुणा चोपड़ा, रश्मि पेवाल, सपना शर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *