जिलाधिकारी ने किया खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बहादराबाद का औचक निरीक्षण, साफ-सफाई पर जताई नाराजगी


जिलाधिकारी ने किया खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बहादराबाद का औचक निरीक्षण, साफ-सफाई पर जताई नाराजगी

हरिद्वार, 31 अगस्त 2026। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सोमवार को मायापुर स्थित खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, बहादराबाद का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर में साफ-सफाई की बदहाल स्थिति और घास-झाड़ियां उगी मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को फटकार लगाई। उन्होंने तत्काल परिसर की साफ-सफाई और झाड़ियों की कटान कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि आमजन को बेहतर सुविधा और सकारात्मक अनुभव मिल सके।

RTE के तहत पारदर्शिता के निर्देश
निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षा के अधिकार (RTE) अधिनियम के तहत संचालित कार्यों की समीक्षा की और निर्देश दिए कि सभी मामलों का निस्तारण पूर्ण पारदर्शिता, संवेदनशीलता और समयबद्धता के साथ किया जाए, ताकि पात्र बच्चों को बिना भेदभाव शिक्षा का अधिकार मिल सके। उपस्थिति पंजिका और पत्रावलियों के रख-रखाव का भी अवलोकन किया।

प्रस्तावित पुस्तकालय का जायजा
जिलाधिकारी ने कार्यालय परिसर में प्रस्तावित पुस्तकालय स्थल का भी निरीक्षण किया और इसे शीघ्र विकसित करने के निर्देश दिए।

मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चंद ने बताया कि जीर्ण-शीर्ण भवन के स्थान पर पुस्तकालय निर्माण प्रस्तावित है, भवन को निष्प्रयोज्य घोषित किया जा चुका है। पेयजल निर्माण निगम द्वारा 284.33 लाख का आंकलन प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया है, जिसकी स्वीकृति अभी लंबित है। जिलाधिकारी ने इस संबंध में शासन स्तर पर पत्राचार कर धनराशि स्वीकृत कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग से जुड़े कार्यालय जनहित से सीधे जुड़े हैं, इसलिए सभी अधिकारी-कर्मचारी जिम्मेदारी, अनुशासन और पारदर्शिता से कार्य करें।

निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *