ALIGARH BREAKING | 17 सितम्बर 2026 | GANGA NEWS 24 OFFICIAL
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में क्षत्रिय युवा करणी सेना के जिलाध्यक्ष सचिन राघव पर भीड़ ने हमला कर दिया।
उनको सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर थप्पड़ और बेल्टों से जमकर पीटा। इस दौरान सचिन हाथ जोड़कर माफी मांगते दिखे। बचाने आए उनके छोटे भाई और दोस्त को भी लोगों ने मारकर घायल कर दिया। हमलावर सचिन को खींचकर अंबेडकर पार्क के अंदर ले गए। यहां उनसे वाल्मीकि समाज और डॉ. अंबेडकर के सम्मान में नारे लगवाए गए।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस जैसे ही मौके पर पहुंची, हमलावर फरार हो गए। पुलिस ने सचिन को उपचार और मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है।
थाना सिविल लाइन इलाके के घंटाघर के पास बुधवार शाम को करीब 7 बजे सचिन राघव अपने छोटे भाई सुंदर और एक दोस्त प्रहलाद के साथ चाट खा रहे थे। तभी करीब 100 की संख्या में युवक वहां पहुंच गए और सचिन राघव और उनके भाई को घेर लिया। भीड़ ने जय भीम के नारे लगाते हुए करणी सेना के जिलाध्यक्ष को दौड़ा-दौड़ाकर लात घूंसों और बेल्टों से पीटना शुरू कर दिया। सचिन राघव की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

