उत्तर प्रदेश की बिजनौर पुलिस ने हनीट्रैप गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गिरोह से जुड़ी चार महिलाओं समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इस मामले में अब तक 11 लोगों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह का सरगना जुल्फिकार उर्फ बब्बू लंगड़ा पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस लाइन सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। अधिकारी मामले से जुड़ी जांच और गिरफ्तारियों की जानकारी दे रहे थे, तभी अचानक वहां मौजूद एक महिला आरोपी ने हंगामा शुरू कर दिया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद मीडिया के सामने महिला रोते हुए पुलिस अधिकारियों से खुद को निर्दोष बता रही थी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान महिला रोते हुए अधिकारियों के सामने अपनी सफाई देते हुए कहा कि उसकी कोई गलती नहीं है। उसे इस मामले में गलत तरीके से फंसाया जा रहा है। महिला ने रोते हुए पुलिस से मदद की गुहार लगाई। मौके पर मौजूद महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों ने उसे शांत कराने की कोशिश की, लेकिन वह लगातार अपनी बेगुनाही का दावा करती रही। महिला के हंगामे का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, नजीबाबाद थाना क्षेत्र से हनीट्रैप गिरोह से जुड़े चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें सायमा, अंतिमा, शहाना और सानिया के नाम सामने आए हैं। इनमें एक आरोपी किरतपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है।

