आशारोड़ी में एक्सप्रेसवे की तस्वीर ने दिया ट्रक चालक को धोखा, दीवार से टकराकर कंटेनर क्षतिग्रस्त!
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के पास दीवार पर बनी सड़क की 3D पेंटिंग से चालक भ्रमित, बड़ा हादसा टला
देहरादून / आशारोड़ी। देहरादून के आशारोड़ी क्षेत्र में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के किनारे बनी दीवार पर एक्सप्रेसवे की तस्वीर की पेंटिंग बनी हुई है। इसी पेंटिंग को देखकर एक कंटेनर चालक धोखा खा गया।
चालक को लगा कि दीवार पर बनी सड़क ही असली रास्ता है और वह उसी ओर कंटेनर लेकर बढ़ गया। देखते ही देखते कंटेनर सीधे दीवार से जा टकराया और क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि चालक को गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन कंटेनर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। चालक गुस्से में नजर आया और कहा कि ऐसी भ्रमित करने वाली पेंटिंग नहीं बनानी चाहिए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की 3D पेंटिंग दूर से देखने पर असली सड़क जैसी ही लगती है, खासकर रात या कोहरे में ये और भी खतरनाक हो सकती है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसी पेंटिंग को तुरंत हटाया जाए या उस पर चेतावनी लिखी जाए।
इस घटना ने एक बार फिर कुंभ और अन्य योजनाओं के तहत बनाई गई करोड़ों की दीवार पेंटिंग की गुणवत्ता और सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
लोकेशन: आशारोड़ी, देहरादून
रिपोर्ट: गंगा न्यूज 24

