आईआईए हरिद्वार एवं भगवानपुर चैप्टर के प्रतिनिधिमंडल ने यूपीसीएल के मुख्य अभियंता श्री मोहित जोशी से की मुलाकात, बहादराबाद औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा एवं विकास को लेकर सौंपा प्रार्थना पत्र
आज आईआईए हरिद्वार एवं भगवानपुर चैप्टर के प्रतिनिधिमंडल ने यूपीसीएल के मुख्य अभियंता श्री मोहित जोशी एवं अन्य संबंधित अधिकारियों से मुलाकात कर पुराने औद्योगिक क्षेत्र, बहादराबाद, हरिद्वार के विकास एवं सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। बैठक में विशेष रूप से जनसुरक्षा एवं औद्योगिक श्रमिकों की सुरक्षा पर जोर दिया गया।
बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल द्वारा औद्योगिक क्षेत्र में लगी पुरानी 11000 केवी विद्युत लाइनों के प्रतिस्थापन एवं उन्नयन के संबंध में एक लिखित प्रार्थना पत्र सौंपा गया। क्षेत्र में विद्युत लाइनें एवं खंभे काफी पुराने एवं असुरक्षित हो चुके हैं। तेज हवा चलने के दौरान क्षेत्र में लगे पेड़ों की टहनियां विद्युत लाइनों से टकराती हैं, जिसके कारण बार-बार विद्युत व्यवधान उत्पन्न होने के साथ-साथ विद्युत तारों के टूटकर नीचे गिरने की घटनाएं भी होती रहती हैं।
इस प्रकार की घटनाओं से औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों के साथ-साथ आम जनता के जीवन एवं सुरक्षा को गंभीर खतरा बना रहता है।
इसके अतिरिक्त, कुंभ, कांवड़ मेला एवं अन्य प्रमुख धार्मिक आयोजनों के दौरान यातायात मार्गों में परिवर्तन किया जाता है, जिसके कारण बड़ी संख्या में वाहन एवं लोग बहादराबाद औद्योगिक क्षेत्र से होकर गुजरते हैं। ऐसे समय में क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को सुरक्षित एवं विश्वसनीय बनाए रखना और भी महत्वपूर्ण हो जाता है।
इन सुरक्षा संबंधी चिंताओं को ध्यान में रखते हुए प्रतिनिधिमंडल ने यूपीसीएल से आवश्यक कार्यवाही करने तथा विद्युत लाइनों को भूमिगत विद्युत केबल (Underground Electrical Cabling) के माध्यम से व्यवस्थित किए जाने पर विचार करने का अनुरोध किया, ताकि औद्योगिक क्षेत्र में अधिक सुरक्षित एवं विश्वसनीय विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
मुख्य अभियंता श्री मोहित जोशी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल संबंधित उपखण्डीय अधिकारियों एवं फील्ड अधिकारियों को बुलाकर मामले में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
बैठक में उपस्थित सदस्य
- श्री विवेक अग्रवाल
- श्री राहुल शर्मा
- श्री दिनेश पुंडीर
- श्री कपिल मोदी
- श्री दीपमणि मिश्रा
- श्री अतुल
- श्री अमित गोयल
आईआईए हरिद्वार चैप्टर एवं आईआईए भगवानपुर चैप्टर

