मनोज ठाकुर
बाबा रामदेव ने कंगना रनौत को भेजा रक्षाबंधन उपहार, बोले – नफरत नहीं प्रेम और भाईचारे को मिले बढ़ावा
हरिद्वार। अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत तथा योगगुरु बाबा रामदेव के बीच पिछले कुछ समय से चल रही जुबानी तल्खी के बीच रक्षाबंधन के मौके पर रिश्तों में नरमी के संकेत मिले हैं।
बाबा रामदेव ने कंगना रनौत को अपनी बहन बताते हुए उन्हें रक्षाबंधन का विशेष उपहार भेजा है।
विवाद नहीं संवाद से हल
रामदेव ने कहा कि मतभेदों को विवाद का रूप देने के बजाय बातचीत और संवाद के जरिए दूर किया जाना चाहिए। सार्वजनिक जीवन में विचारों का अलग होना स्वाभाविक है, लेकिन व्यक्तिगत कटुता को बढ़ावा देने के बजाय संवाद के माध्यम से रास्ता निकालना बेहतर होता है।
उन्होंने समाज में आपसी सौहार्द, प्रेम और भाईचारे को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया और कहा कि नफरत और वैमनस्य के स्थान पर परस्पर सम्मान तथा सद्भाव की भावना होनी चाहिए।
रक्षाबंधन के अवसर पर कंगना को बहन के रूप में संबोधित करते हुए उपहार भेजने के कदम को दोनों के बीच पहले से चले आ रहे मतभेदों को कम करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। रामदेव ने भारतीय संस्कृति में भाई-बहन के रिश्ते की अहमियत को रेखांकित करते हुए कहा कि ऐसे पर्व समाज में प्रेम, विश्वास और पारिवारिक संबंधों को मजबूत करने का संदेश देते हैं।

