‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ पर मंथन: दो दिन लखनऊ में डेरा डालेगी संसदीय समिति।
‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ से जुड़े विधेयकों की जांच कर रही संयुक्त संसदीय समिति गोवा में दो दिवसीय परामर्श पूरा करने के बाद अब लखनऊ पहुंचने वाली है। इसमें 39 सांसद हैं। समिति उत्तर प्रदेश में दो दिनों तक राज्य सरकार, विधानसभा अध्यक्ष, राजनीतिक दलों, विधायकों, संवैधानिक विशेषज्ञों, राज्य निर्वाचन आयोग, शिक्षाविदों, नागरिक संगठनों और मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा करेगी। भाजपा सांसद पीपी चौधरी की अध्यक्षता वाली समिति संविधान (129वां संशोधन) विधेयक, 2024 और केंद्रशासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक, 2024 पर सुझाव जुटा रही है। लखनऊ बैठक में एक साथ लोकसभा और विधानसभा चुनाव कराने की संवैधानिक, प्रशासनिक और व्यावहारिक चुनौतियों पर मंथन होगा। समिति के निष्कर्षों को अंतिम रिपोर्ट में शामिल किया जाएगा।

