उत्तराखंड के रुड़की में भी शिक्षा, सड़क और हालात सुधारने को लेकर जेन अल्फा का अनोखा प्रदर्शन देखने को मिला है।
स्कूली बच्चों ने शिक्षकों के साथ मिलकर नगर निगम कार्यालय में जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद विरोध दर्ज कराने के लिए वहीं पर क्लास रूम बनाकर पढ़ाई भी की। बच्चों के इस विरोध के तरीके से नगर निगम में कुछ देर तक हड़कंप की स्थिति बनी रही।
देशभर में आज कल जेन जी और अल्फा सिस्टम को सुधारने के लिए सड़कों पर उतर रहे हैं। ऐसा ही कुछ नजारा रुड़की के नगर निगम कार्यालय में देखने को मिला।कृष्णा नगर स्थित स्काईवर्ड सीनियर सेकेंडरी स्कूल की तीन बसें नगर निगम कार्यालय पहुंचीं। बसों से उतरकर बच्चे सीधे नगर निगम कार्यालय पहुंचे और स्कूल के बाहर जलभराव और गड्डों में पानी की समस्या को लेकर विरोध जताया। बच्चों के साथ पहुंचे शिक्षकों ने भी नगर निगम की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए। इसके बाद नगर निगम परिसर में ही टीचर बच्चों की क्लास लगाते हुए नजर आए। बच्चों और शिक्षकों ने नगर निगम आयुक्त गोपाल राम बिनवाल के कार्यालय पहुंचकर जलभराव की समस्या पर नाराजगी जताई और जल्द समाधान की मांग की। शिक्षकों का कहना था कि स्कूल के बाहर जलभराव के कारण बच्चों की पढ़ाई और आवागमन दोनों प्रभावित हो रहे हैं। विरोध का अंदाज भी काफी अलग नजर आया।

