मनोज ठाकुर
पुरुवाला पुलिस की कार्रवाई: भीमावाला-भंगानी पुल के पास अवैध खनन करते तीन ट्रैक्टर पकड़े
यमुना नदी में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, तीन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज
पुरुवाला, 26 नवंबर। यमुना नदी में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुरुवाला पुलिस ने रेत, बजरी और पत्थर चोरी करने के आरोप में तीन ट्रैक्टर चालकों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मौके से तीनों ट्रैक्टरों को भी कब्जे में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर को पुलिस चौकी सिंघपुरा की टीम श्री बाला सुंदरी मंदिर चौक के पास गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि यमुना नदी पर भीमावाला से भंगानी को जोड़ने वाले नवनिर्मित पुल के समीप सरकारी भूमि पर अवैध रूप से खनन किया जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दी। वहां पाया गया कि एक ट्रैक्टर-ट्राली में दो अन्य ‘लिफ्टेड बकेट’ वाले ट्रैक्टरों की मदद से रेत, बजरी और पत्थर का मिश्रण भरा जा रहा था। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों ट्रैक्टरों और उनके चालकों को काबू कर लिया।
जांच के दौरान पकड़े गए वाहनों में से एक ट्राली सहित ट्रैक्टर का नंबर UK16CA 4013 पाया गया, जिसे उत्तराखंड के देहरादून जिले के गांव भीमावाला (तहसील विकासनगर) निवासी इरफान पुत्र अबुल हसन चला रहा था। वहीं, मौके से पकड़े गए अन्य दो ट्रैक्टर बिना नंबर प्लेट के पाए गए।
पुलिस ने तीनों चालकों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

