मेरठ – आबूलेन में युवती से कथित मारपीट और बंधक बनाने का आरोप, स्थानीय लोगों ने बचाया

मेरठ – आबूलेन में युवती से कथित मारपीट और बंधक बनाने का आरोप, स्थानीय लोगों ने बचाया

मेरठ। आबूलेन बाजार स्थित एक होटल के पास मंगलवार दोपहर कथित मारपीट और छेड़छाड़ की घटना सामने आई है। आरोप है कि एक युवक ने युवती के साथ बीच सड़क पर मारपीट की और जबरन वापस होटल की ओर ले जाने का प्रयास किया।

युवती के आरोप के अनुसार, करीब एक साल पहले उसकी मुलाकात एक प्राइवेट कंपनी में काम के दौरान युवक से हुई थी। बाद में दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि युवक ने उसे काम के बहाने होटल बुलाया और कमरे में बंधक बनाकर रखा। युवती का यह भी आरोप है कि उसे धमकाया गया।

युवती के अनुसार, वह किसी तरह होटल से बाहर निकली और बचाओ-बचाओ चिल्लाते हुए सड़क पर दौड़ी। आरोप है कि युवक ने उसका पीछा किया और बीच बाजार में उसके साथ मारपीट की।

इस दौरान बाजार में मौजूद दुकानदारों और राहगीरों ने बीच-बचाव कर युवती को बचाया। बताया जा रहा है कि इसी दौरान युवक वहां से फरार हो गया।

स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि होटल में बिना पहचान-पत्र के कमरा कैसे दिया गया और युवती के कमरे में बंद होने की जानकारी होटल प्रबंधन को क्यों नहीं हुई, इसकी भी जांच होनी चाहिए। लोगों का कहना है कि होटल के मालिक और मैनेजर की भूमिका की भी जांच की जाए।

फिलहाल पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में लगी होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस का कहना है कि युवती की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है।

फिलहाल आरोपी पक्ष और होटल प्रबंधन का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। पक्ष आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Meerut #AbuLane #MeerutPolice #UttarPradesh #BreakingNews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *