SMJN कॉलेज में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय कार्यालय का भव्य उद्घाटन, विशाल पुस्तक मेले में बंटी निःशुल्क पुस्तकें

मनोज ठाकुर

GANGA NEWS 24 | हरिद्वार संस्करण | 29 सितंबर 2026

SMJN कॉलेज में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय कार्यालय का भव्य उद्घाटन, विशाल पुस्तक मेले में बंटी निःशुल्क पुस्तकें

हरिद्वार। एस.एम.जे.एन. पी.जी. कॉलेज, हरिद्वार में आज उच्च शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक अध्याय जुड़ा। महाविद्यालय परिसर में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय (UOU) के क्षेत्रीय कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस मौके पर विशाल पुस्तक मेले का आयोजन भी हुआ जिसमें विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें वितरित की गईं।

कार्यक्रम में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविन्द्र पुरी जी महाराज, निदेशक क्षेत्रीय सेवाएँ डॉ. गिरिजा पांडे, सहायक निदेशक डॉ. एम.एम. जोशी, सहायक क्षेत्रीय निदेशक बृजेश बनकोटी सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने स्वागत करते हुए कहा कि इस कार्यालय से विद्यार्थियों को प्रवेश, अध्ययन, परीक्षा और परामर्श की सुविधाएं अब हरिद्वार में ही मिलेंगी। यह विशेष रूप से उन विद्यार्थियों के लिए उपयोगी है जो नियमित कक्षाएं नहीं कर पाते। उन्होंने कहा कि यह कार्यालय कौशल संवर्धन तथा तकनीकी विकास के नए अवसर प्रदान करेगा।

कुलपति प्रो. लोहनी ने कहा कि विश्वविद्यालय का मूल उद्देश्य शिक्षा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। हरिद्वार में क्षेत्रीय कार्यालय से शैक्षणिक और प्रशासनिक समस्याओं का त्वरित समाधान होगा और दोनों संस्थानों के बीच समन्वय मजबूत होगा।

श्रीमहंत डॉ. रविन्द्र पुरी जी महाराज ने कहा – “पुस्तकों को मित्र तथा शिक्षा के साथ संस्कार को जीवन का हिस्सा बनायें युवा।” उन्होंने कहा कि संत परंपरा सदैव ज्ञान के प्रसार की पक्षधर रही है। पुस्तकें केवल ज्ञान का माध्यम नहीं बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का आधार हैं। विद्यार्थियों तक अच्छी पुस्तकें पहुंचाना भविष्य की पीढ़ी को मजबूत बनाने में निवेश है।

पुस्तक मेले में विभिन्न विषयों की पुस्तकों का समृद्ध संग्रह प्रदर्शित किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। निःशुल्क पुस्तकें पाकर छात्रों में खुशी देखी गई।

कार्यक्रम का समन्वयक डॉ. शिवकुमार चौहान ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रो. विनय थपलियाल, डॉ. मनोज सोही, वैभव बत्रा, डॉ. पूर्णिमा सुंदरियाल सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

रिपोर्ट: Ganga News 24, हरिद्वार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *