GANGA NEWS 24
ना ईशान ना आकाश, अब कुमारी दीपिका – मायावती ने भतीजी को घोषित किया उत्तराधिकारी
लखनऊ, 13 सितंबर 2026
बसपा सुप्रीमो मायावती ने बड़ा फैसला लेते हुए अपनी भतीजी कुमारी दीपिका आनंद को अपना उत्तराधिकारी घोषित किया है।
उन्होंने अपने भतीजों आकाश आनंद और ईशान आनंद के लिए बसपा के दरवाजे पूरी तरह बंद कर दिए हैं।
X पर किया ऐलान
शनिवार को मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि उनके भाई आनंद कुमार के किसी भी बेटे को बसपा में रहकर राजनीति करने का मौका नहीं दिया जाएगा। उन्होंने इसे अपना अंतिम फैसला बताया है।
दीपिका को मिलेगी एंट्री
मायावती ने लिखा – “यदि आगे चलकर मेरे साथ रहते हुए आनंद कुमार को मेरी मदद के लिए किसी और सदस्य की भी जरूरत पड़ती है तो फिर वह अपनी इकलौती बेटी कुमारी दीपिका आनंद को साथ ले सकते हैं। उसकी ईमानदारी, वफादारी व कार्य क्षमता को देखकर पार्टी में उसे जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।”
बता दें दीपिका आनंद फिलहाल वकालत की पढ़ाई कर रही हैं और वह आकाश आनंद की सगी बहन हैं।
परिवारवाद पर दी सफाई
परिवारवाद के आरोपों पर मायावती ने कहा – “यदि मैं लड़की नहीं होती तो मैं मान्यवर कांशीराम जी की तरह ही अपने भाई-बहनों में से किसी को भी अपने साथ नहीं रखती। लेकिन लड़की होने की वजह से सुरक्षा संबंधी परेशानियों से मुक्त होकर पार्टी में आगे बढ़ने के लिए आनंद कुमार को मजबूरी में साथ रखना पड़ा।”
उन्होंने साफ कहा कि आनंद कुमार अपने किसी भी बेटे को और उनके बच्चों के बड़े होने पर भी यह जिम्मेदारी नहीं सौंपेंगे। यदि दीपिका तैयार नहीं होती हैं तो पार्टी के दलित वर्ग में से ही किसी मिशनरी कार्यकर्ता को जिम्मेदारी दी जाएगी।

