अंकित बालियान के परिजनों से मिले हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा, पत्नी को दी सांत्वना


अंकित बालियान के परिजनों से मिले हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा, पत्नी को दी सांत्वना

शामली। हरियाणवी कलाकार अंकित बालियान हत्याकांड के बाद शुक्रवार को हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा गांव बंतीखेड़ा पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर दुख जताया और परिवार को ढांढस बंधाया।

मासूम शर्मा ने अंकित बालियान की पत्नी से भी मुलाकात की और सांत्वना देते हुए दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।

गौरतलब है कि 26 अगस्त को हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की शामली के आर्यपुरी स्थित नाला पटरी पर दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बताया गया कि अंकित जिम से एक्सरसाइज कर बाहर निकले थे और अपनी कार में बैठने जा रहे थे, तभी चार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। वारदात के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।

पुलिस इस मामले में दो कथित शूटरों को मुठभेड़ में ढेर कर चुकी है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। फरार आरोपियों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है।

परिजनों से मुलाकात के बाद मासूम शर्मा ने हरियाणा में बढ़ते अपराध को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय में हरियाणा में अपराध बढ़े थे, हालांकि अब पुलिस अंकुश लगाने के लिए काम कर रही है।

इस हत्याकांड के बाद हरियाणवी फिल्म एवं म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े कलाकारों में सुरक्षा को लेकर चिंता देखी जा रही है। इस दौरान पूर्व मंत्री संजीव बालियान ने कहा कि वह हरियाणा के मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग रखेंगे। उन्होंने अंकित के परिवार की आर्थिक मदद के लिए भी अपील की।

मौके पर पूर्व विधायक उमेश मलिक और मनीष चौहान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *