बेलड़ा बना स्वच्छता का मॉडल, भगवानपुर के प्रधानों ने किया अध्ययन दौरा
हरिद्वार, 3 सितंबर। जिला पंचायत राज अधिकारी मो. मुस्तफा खान ने बताया कि हरिद्वार जनपद के विकास खंड रुड़की स्थित ग्राम पंचायत बेलड़ा ने आज ग्रामीण स्वच्छता और सामुदायिक आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की।
विकास खंड भगवानपुर के विभिन्न ग्राम प्रधान बेलड़ा की दैनिक सफाई व्यवस्था के सफल मॉडल का अध्ययन करने पहुंचे। पंचायत भवन में स्वयं सहायता समूह (SHG) से जुड़ी महिलाओं ने अपनी कार्यप्रणाली साझा की।

महिलाओं ने बताया कि कैसे सूर्योदय के साथ ही वार्डवार कचरा संग्रहण रूट चार्ट सक्रिय होता है, घर-घर जाकर गीले-सूखे कचरे का पृथक्करण, नालियों की निकासी और सार्वजनिक मार्गों पर नियमित झाड़ू की व्यवस्था रोस्टर के आधार पर संचालित होती है। गीले कचरे से जैविक खाद बनाने और सूखे कचरे के निस्तारण की तकनीक भी समझाई गई।
इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने गांव की गलियों का भ्रमण कर स्वच्छता का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। नालियों का बहाव, साफ संपर्क मार्ग और कचरा मुक्त गांव देखकर सभी प्रभावित हुए।
भगवानपुर के प्रधानों ने बेलड़ा मॉडल की सराहना करते हुए अपने गांवों में भी SHG की सहभागिता से ऐसी ही सफाई व्यवस्था लागू करने का संकल्प लिया।

