सहारनपुर में खनन पट्टों के संचालन की उम्मीद जगी, NGT की हरी झंडी से कारोबारियों में खुशी
सहारनपुर। जिले में खनन विभाग द्वारा आवंटित पट्टों के संचालन को लेकर चल रहा असमंजस अब खत्म होता नजर आ रहा है। NGT कोर्ट में सुनवाई के बाद खनन कारोबारियों में खुशी की लहर है।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख चौधरी शिवराज सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि NGT कोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान खनन पट्टों को लेकर महत्वपूर्ण फैसला आया है। कोर्ट ने कुछ निर्धारित नियमों और शर्तों के साथ पट्टे संचालित करने की अनुमति प्रदान की है और इस संबंध में दायर की गई याचिकाओं को खारिज कर दिया है।
गौरतलब है कि खनन विभाग की ओर से जिले में कई पट्टों का आवंटन किया गया था, लेकिन संचालन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने से कारोबारी इंतजार में थे।
अब NGT से हरी झंडी मिलने के बाद कारोबारियों को बड़ी राहत मिली है। माना जा रहा है कि विभागीय प्रक्रिया और निर्धारित नियमों का पालन पूरा होने के बाद जल्द ही पट्टों पर खनन कार्य शुरू हो सकता है, जिससे खनन कारोबार से जुड़े लोगों में उत्साह है।

