हरिद्वार में यूपी सिंचाई विभाग की जमीनें होंगी सुरक्षित, 5 करोड़ का बजट स्वीकृत
हरिद्वार। उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग ने उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में स्थित अपनी कीमती सरकारी भूमि को अवैध कब्जों और अतिक्रमण से बचाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। विभाग ने जमीन की पुख्ता घेराबंदी, बाउंड्री वॉल और तारबंदी के लिए लगभग पांच करोड़ का बजट स्वीकृत किया है।
अधिशासी अभियंता अनुज बंसल ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और आगामी 15 दिनों के भीतर धरातल पर सुरक्षा कार्य शुरू कर दिया जाएगा। जिले में विभाग की जमीन को सुरक्षित करने के लिए चिन्हांकन का कार्य पूरा कर लिया गया है।
7000 मीटर में होगी बाउंड्री वॉल
हरिद्वार जिले के बहादराबाद, धनौरी, कलियर और रुड़की समेत विभिन्न क्षेत्रों में यूपी सिंचाई विभाग की जमीनें नहरों के किनारे और आबादी से सटे इलाकों में फैली हुई हैं। इन मूल्यवान जमीनों पर लगातार हो रहे अतिक्रमण की शिकायतें विभाग के लिए लंबे समय से सिरदर्द बनी हुई थीं।
इस पूरी परियोजना के अंतर्गत लगभग 7,000 मीटर (7 किलोमीटर) लंबी में आवश्यकता अनुसार पक्की बाउंड्री वॉल और तारबंदी करके सुरक्षा कार्य कराया जाएगा।
कुंभ मेला क्षेत्र योजना से बाहर
हरिद्वार में 2027 के कुंभ मेले की तैयारियां अलग कार्ययोजनाओं के तहत चल रही हैं। कुंभ क्षेत्र में पहले से ही मेला प्रशासन और विभिन्न विभागों की अपनी विकास परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिन्हें अलग-अलग जोन और सेक्टर में बांटकर पूरा किया जाना है। इसलिए मुख्य व्यवस्थाओं व निर्माण कार्यों में कोई बाधा न आए, इसे देखते हुए कुंभ मेला क्षेत्र की जमीन को इस सामान्य भूमि-सुरक्षा योजना से बाहर रखा गया है।

