देहरादून–ऋषिकेश (भानियावाला–ऋषिकेश) सड़क चौड़ीकरण परियोजना के लिए प्रस्तावित 4,369 पेड़ों की कटाई पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फिलहाल रोक लगाने के निर्देश दिए हैं।
हाल के दिनों में पर्यावरण प्रेमियों, स्थानीय नागरिकों और विभिन्न संगठनों द्वारा लगातार विरोध प्रदर्शन किए जाने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी पक्षों से संवाद के बाद ही आगे का निर्णय लिया जाएगा।
यह सड़क परियोजना शिवालिक एलीफेंट रिजर्व और महत्वपूर्ण हाथी कॉरिडोर से होकर गुजरती है। वन्यजीवों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए परियोजना में लगभग 3.5 किलोमीटर लंबा हाथी अंडरपास/वन्यजीव मार्ग विकसित करने की योजना भी शामिल है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि जनभावनाओं, पर्यावरण संरक्षण और विकास—तीनों के बीच संतुलन बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इसलिए फिलहाल पेड़ों की कटाई रोक दी गई है और सभी हितधारकों के साथ चर्चा के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

