उत्तराखंड खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अपर आयुक्त एवं ड्रग कंट्रोलर ताजबर सिंह जग्गी को उनके उत्कृष्ट प्रशासनिक नेतृत्व और प्रभावी नियामकीय कार्यों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर ‘बेस्ट ड्रग कंट्रोलर ऑफ इंडिया’ सम्मान प्रदान किया गया है।

देहरादून। उत्तराखंड खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अपर आयुक्त एवं ड्रग कंट्रोलर ताजबर सिंह जग्गी को उनके उत्कृष्ट प्रशासनिक नेतृत्व और प्रभावी नियामकीय कार्यों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर ‘बेस्ट ड्रग कंट्रोलर ऑफ इंडिया’ सम्मान प्रदान किया गया है।

इस उपलब्धि को उत्तराखंड के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है और विभाग में खुशी का माहौल है।

ताजबर सिंह जग्गी के नेतृत्व में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बीते वर्षों में खाद्य सुरक्षा और औषधि गुणवत्ता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान तेज करने, खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच, संदिग्ध खाद्य सामग्री के नमूने लेने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई को प्राथमिकता दी है।

औषधि नियंत्रण व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए भी विभाग ने व्यापक स्तर पर काम किया है। नकली और अवैध दवाओं की बिक्री रोकने, मेडिकल स्टोरों एवं दवा निर्माण इकाइयों के नियमित निरीक्षण, लाइसेंस संबंधी नियमों के अनुपालन और गुणवत्तापूर्ण दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी अभियान चलाए गए हैं।

ताजबर सिंह जग्गी की कार्यशैली को पारदर्शी, अनुशासित और परिणामोन्मुख माना जाता है। उन्होंने विभाग में प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई के साथ-साथ जनजागरूकता कार्यक्रमों को भी बढ़ावा दिया, ताकि नागरिकों को सुरक्षित खाद्य सामग्री और मानक गुणवत्ता वाली दवाएं उपलब्ध हो सकें।

राष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त यह सम्मान न केवल ताजबर सिंह जग्गी की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि उत्तराखंड खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की कार्यकुशलता और जनस्वास्थ्य के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का भी प्रमाण माना जा रहा है। सम्मान की घोषणा के बाद विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों तथा विभिन्न क्षेत्रों के लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए इसे पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय बताया।
लघु समाचारपत्र एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष सुरेन्द्र अग्रवाल ने श्री जग्गी को इस उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *