समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा ने अयोध्या में आस्था और श्रद्धा के साथ खिलवाड़ किया है।
अयोध्या प्रभु श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी की बात गांव-गांव और घर-घर पहुंच गयी है।
अब भाजपा को न चंदा मिलेगा न दान और न वोट मिलेगा। भाजपा ने मर्यादा का पहला नाम प्रभु श्रीराम और देश के संविधान दोनों के साथ दगा किया। प्रभु श्रीराम इन्हें माफ नहीं करेंगे।
गुरूवार को समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में श्री अखिलेश यादव ने कहा कि मर्यादा पुरषोत्तम श्रीराम के चढ़ावे के बारे में जनता ने अगर सही बता दिया तो यह मामला जितना दिख रहा है उससे बहुत बड़ा होगा। अभी तो गुप्त दान का कोई हिसाब किताब ही नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष का जो काम है, समाजवादी पार्टी वही जिम्मेदारी निभा रही है। भाजपा सरकार ने अयोध्या में एयरपोर्ट और अन्य जगहों पर जमीन के मुआवजे में भेदभाव किया। उनके साथ अन्याय किया। उन्हें प्रताड़ित किया। वहां के लोगों ने सरयू नदी में खड़े होकर भाजपा को वोट नहीं देने की कसम खायी थी। इसी तरह से अयोध्या में सड़कों के चौड़ीकरण में व्यापारियों और आम लोगों के मकानों दुकानों का उचित मुआवजा नहीं मिला। जमीनों के साथ बड़े पैमाने पर हेरफेर हुआ। भाजपा सरकार ने अयोध्या के लोगों के साथ न्याय नहीं किया।
अयोध्या के पंच प्रमुख मंदिर राम निवास धाम के मामले में श्री अखिलेश यादव ने कहा कि मंदिर के हरिशंकर सफारी वाला की बात और उनकी मांगों की चर्चा भी राममंदिर के चढ़ावा चोरी की तरह होगी, इन्हें न्याय मिलेगा।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। थानों को भाजपा के लोग चला रहे हैं। इतना भ्रष्टाचार उत्तर प्रदेश की जनता ने कभी नहीं देखा। भाजपा सरकार का भ्रष्टाचार और अपराध पर जीरो टॉलरेंस का दावा जीरो है। पुलिस की स्थिति तो यह है कि हथेली गरम, पुलिस नरम। उत्तर प्रदेश में हर विभाग में सिस्टमेटिक भ्रष्टाचार चल रहा है। थाना और पुलिस भाजपा के इशारे पर काम कर रहे है इसीलिए लोगों को न्याय नहीं मिल रहा है। एक्सप्रेस-वे की सड़कों में हो रहे गड्ढे और अन्य कमियों पर श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार क्वालिटी से कम्प्रोमाइज करती है। भाजपा का हर काम और हर योजना भ्रष्टाचार के लिए बनायी जाती है। देहरादून-दिल्ली हाई-वे तो ताजा उदाहरण है। इसे पहले प्रधानमंत्री जी ने जब बुन्देलखंड एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया था तभी उसमें गड्ढे हो गये थे। कई जगह उखड़ गया। गंगा-एक्सप्रेस-वे में काफी कमियां देखने को मिल रही है। किसानों के खाद संकट के लिए भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए श्री यादव ने कहा कि यूरिया, डीएपी उर्वरक का संकट है। सरकार की पहले से कोई तैयारी नहीं है। डीएपी खाद नहीं मिल रही है। आने वाली फसल गेहूं, आलू आदि के लिए और संकट आएगा। उन्होंने कहा कि हर फसल का कैलेण्डर होता है अगर समय पर खाद-बीज, पानी नहीं मिल पाया तो किसानों को भारी नुकसान होता है।
इससे पहले प्रेस कांफ्रेंस में अयोध्या के पंच प्रमुख मंदिर राम निवास धाम के हरिशंकर सफरीवाला ने चंपत राय बंसल पर उनके 1987 के पंजीकृत मंदिर को हड़पने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने मंदिर के पुजारी को बरगला कर बैनामा बिना कब्जा कर मंदिर का दान, मूर्तियां, पलंग, सिंहासन आदि हड़प लिया। मंदिर समिति को बिना जानकारी दिए 5 करोड़ 80 लाख में पुजारी से सौदा कर लिया। पुजारी को 60 लाख अग्रिम देकर कब्जा कर लिया।
श्री हरिशंकर सफरीवाला ने कहा कि गिरोह ने डकैती डालकर मंदिर को लूट लिया। राम निवास धाम पंच प्रमुख मंदिर समिति ने मंदिर से हड़पे गये कीमती समानों की रसीद मांगी तो उसे भी नहीं दिया गया। इसकी शिकायत डीएम, एसपी, सीएम, पीएम से की गयी लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि मंदिर की करीब 50 करोड़ की सम्पत्ति और 250 बीघा जमीन जबरन ले ली गयी। अयोध्या में धर्म के नाम पर लूट हो रही है। उन्होंने चंपत राय को गिरोह बंद आदमी बताते हुए कहा कि इनके पीछे बड़े-बड़े लोग है।
इस मौके पर समाजवादी पार्टी नेता दिनेश यादव ने कपिलवस्तु के थाना लोटन के ग्राम कोल्हुआ के इंजीनियर संदीप यादव की हत्या के मामले की जानकारी देते हुए न्याय की मांग की। संदीप यादव के परिजनों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जी से मुलाकात की।

