राम मंदिर पर आतंकी हमले की साजिश नाकाम, कर्नाटक से यूपी का युवक गिरफ्तार; पाकिस्तान से संपर्क की जांच तेज
अयोध्या:
अयोध्या स्थित राम मंदिर को निशाना बनाने की कथित आतंकी साजिश का खुलासा होने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं।
कर्नाटक के दावणगेरे जिले से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी 20 वर्षीय सुहैल को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी संयुक्त अभियान में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA), उत्तर प्रदेश एटीएस और कर्नाटक पुलिस ने की।
प्रारंभिक जांच में आरोपी के मोबाइल फोन से पाकिस्तान के कुछ नंबर, संदिग्ध व्हाट्सएप ग्रुप और हथियारों के साथ खींची गई तस्वीरें मिलने का दावा किया गया है। जांच एजेंसियां इन डिजिटल सबूतों की फोरेंसिक जांच करा रही हैं और यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी किन लोगों के संपर्क में था।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर राम मंदिर को निशाना बनाने की साजिश से जुड़े कई अहम खुलासे किए हैं। जांच एजेंसियों का कहना है कि इस मामले में अन्य संदिग्धों की भूमिका भी खंगाली जा रही है और संभावित स्लीपर सेल नेटवर्क की जांच जारी है।
गिरफ्तारी की सूचना मिलने के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस ने सहारनपुर के गंगोह क्षेत्र में भी जांच शुरू कर दी है। स्थानीय पुलिस आरोपी के परिवार, परिचितों और उसके संपर्क में रहे लोगों से पूछताछ कर रही है।
कर्नाटक पुलिस के अनुसार, आरोपी सोशल मीडिया और व्हाट्सएप के जरिए पाकिस्तान से जुड़े संदिग्ध व्यक्तियों के संपर्क में था। वहीं, एडीजी भानु भास्कर ने बताया कि कर्नाटक पुलिस से सूचना मिलने के बाद यूपी एटीएस और एसटीएफ स्थानीय स्तर पर जांच में जुट गई है।
फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि यह साजिश कितनी व्यापक थी, इसमें कितने लोग शामिल थे और इसके पीछे किस नेटवर्क की भूमिका रही। मामले की जांच जारी है और एजेंसियों ने आधिकारिक रूप से सभी तथ्यों की पुष्टि होने तक किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचने की बात कही है

