सहारनपुर में शंकराचार्य का अभिनंदन, गौ संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का किया आह्वान

सहारनपुर में शंकराचार्य का अभिनंदन, गौ संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का किया आह्वान

सहारनपुर पहुंचने पर जनरल जगह शंकराचार्य जी का स्वागत हुआ गंगोह में नगर पालिका के अध्यक्ष नोमान मसूद जी के द्वारा शंकराचार्य जी को अपना समर्थन दिया गया

सहारनपुर। नानौता नगर में ज्योतिषपीठाधीश्वर एवं द्वारका-शारदा पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के आगमन पर श्रद्धालुओं ने भव्य स्वागत किया। पुष्पवर्षा, जयघोष और धार्मिक उत्साह के बीच आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने गौ संरक्षण एवं सनातन संस्कृति के संवर्धन को समय की आवश्यकता बताते हुए समाज से सक्रिय भागीदारी की अपील की।

गंगोह रोड स्थित पंजाबी धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के संत-महात्माओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस दौरान “गौ प्रतिष्ठा हेतु गविधि यात्रा” के उद्देश्य और महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई।

अपने संबोधन में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति और जीवन दर्शन का अभिन्न अंग हैं। उन्होंने कहा कि गौ सेवा केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक जिम्मेदारी भी है। यदि समाज संगठित होकर गौ संरक्षण के लिए कार्य करे तो भारतीय मूल्यों को और अधिक मजबूती मिल सकती है।

उन्होंने बताया कि 3 मई से 24 जुलाई 2026 तक चल रही “गौ प्रतिष्ठा हेतु गविधि यात्रा” का मुख्य उद्देश्य लोगों में गौ माता के प्रति सम्मान, संरक्षण और जागरूकता की भावना को मजबूत करना है। कार्यक्रम के दौरान गौ संरक्षण से संबंधित साहित्य का वितरण भी किया गया।

समारोह में उपस्थित श्रद्धालुओं ने गौ रक्षा और सनातन संस्कृति के संरक्षण का संकल्प लिया। “गौ माता की जय” और “सनातन धर्म की जय” के नारों से पूरा परिसर देर तक गूंजता रहा।

इस अवसर पर नरेंद्र शर्मा, प्रेमपाल शर्मा, नीरज शर्मा, कैलाश नामदेव, डॉ. एनसी शर्मा, रामकिशन सैनी, लाल सिंह, अंकुर जैन, दर्शन लाल अरोड़ा, नोनू नामदेव तथा अमित गर्ग उर्फ पिंटू समेत अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *