उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर के रहने वाले नागेंद्र नाथ त्रिपाठी को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय संगठन (वरिष्ठ कार्यकर्ता संपर्क) बनाया गया है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से नागेंद्र नाथ त्रिपाठी की इस पद पर नियुक्ति की गई है।
सोमवार को इस नियुक्ति के संबंध में राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह की ओर से जानकारी दी गई।
दरअसल, भाजपा अभी अपने सांगठनिक ढांचे को नए सिरे से मजबूत करने के अभियान में लगी हुई है।
नागेंद्र नाथ त्रिपाठी को नई जिम्मेदारी के साथ मुख्य कार्यक्षेत्र दिल्ली रहने की बात कह गई है।
अभी तक वे बिहार और झारखंड में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री के तौर पर अपनी सेवाएं दे रहे थे।
नागेंद्र नाथ त्रिपाठी संत कबीर नगर जिले के बेलौली गांव के रहने वाले हैं। उनका जन्म एक कृषक परिवार में हुआ।
गिरिजा पति त्रिपाठी और गणेशा देवी की वे सबसे बड़ी संतान हैं।
बस्ती में अपनी स्कूली पढ़ाई के दौरान ही नागेंद्र नाथ त्रिपाठी का रुझान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तरफ हो गया। वे लंबे समय तक संघ में सक्रिय रहे। एक समर्पित प्रचारक के तौर पर काम करते हुए नौजवानों के बीच वैचारिक चेतना जगाने में उनकी बड़ी भूमिका रही। संघ के सांगठनिक ढांचे को खड़ा करने में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई।

