कबीर आश्रम हरिद्वार में कबीर साहेब का 629वां प्रकट दिवस धूमधाम से मनाया गया
हरिद्वार, 31 मई 2026
श्री कबीर आश्रम धर्मार्थ ट्रस्ट समिति (रजि.), देवपुरा, हरिद्वार द्वारा आज कबीर आश्रम परिसर में संत कबीर साहेब का 629वां प्रकट दिवस बड़े हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं और समाजसेवियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में मेयर नगर निगम हरिद्वार अनीता शर्मा एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने शिरकत की। सभी अतिथियों ने संत कबीर साहेब के विचारों और उनके समाज सुधारक योगदान पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान संत कबीर साहेब की शोभायात्रा भी निकाली गई, जो कबीर आश्रम से शुरू होकर देवपुरा, तुलसी चौक सहित विभिन्न मार्गों से होती हुई पुनः आश्रम में संपन्न हुई। इस दौरान भजन-कीर्तन और सत्संग का आयोजन किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
समारोह में विद्यार्थियों और प्रतिभाशाली प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया, जिन्होंने शैक्षिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने समाज में फैली कुरीतियों को दूर करने, सादगीपूर्ण जीवन अपनाने और संत कबीर के विचारों को जीवन में उतारने का आह्वान किया।
महंत ब्रह्मदास जी ने संत कबीर के जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके उपदेश आज भी समाज के लिए उतने ही प्रासंगिक हैं जितने उस समय थे। उन्होंने सामाजिक बुराइयों जैसे दिखावा, फिजूलखर्ची और नशे से दूर रहने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में ट्रस्ट समिति के महासचिव करण पाल सिंह ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में उपस्थित महासचिव करणपाल सिंह, कैलाश चंद, अजय, बबली, अभिषेक, रमेश चंद्र ,राधेश्याम ,गोपाल, सतीश, लोकेश, अनिल ,धर्मेंद्र ,अशोक, राकेश, विजय, प्रवीण ,नितिन आदि भक्तगण मौजूद रहे।

