आरक्षण रिफॉर्म आंदोलन के बाद जेपी नड्डा से मिले हर्ष दुबे, बोले – संवाद की दिशा में अहम कदम
नई दिल्ली। 21 अगस्त को जंतर-मंतर पर हुए आरक्षण में रिफॉर्म को लेकर विरोध प्रदर्शन के बाद गुरुवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और आंदोलन की टीम के बीच मुलाकात हुई।
दोनों पक्षों ने मुलाकात को सौहार्दपूर्ण बताया और अगली बैठक 7 सितंबर को तय हुई है।
जेपी नड्डा ने X पर पोस्ट कर लिखा – “21 अगस्त को जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन के उपरांत पूर्व निर्धारित समय के अनुसार हर्ष दुबे, रण बहादुर सिंह चौहान व मृत्युंजय पाठक, टीम के सदस्यों से सौहार्दपूर्ण वार्ता हुई। इस क्रम में हम शीघ्र ही फिर मिलेंगे।”
वहीं आंदोलन का नेतृत्व कर रहे हर्ष दुबे ने लिखा – “सर्व समाज के हित में सकारात्मक पहल। आज हमारी टीम ने जेपी नड्डा से मुलाकात की। इस दौरान 21 अगस्त को हुए प्रदर्शन के संबंध में उनसे संक्षिप्त चर्चा हुई। यह मुलाकात संवाद की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हम बहुत जल्द पुनः मुलाकात करेंगे और सर्व समाज के हित में एक सकारात्मक एवं न्यायसंगत निर्णय के साथ आगे बढ़ने का प्रयास करेंगे।”
गौरतलब है कि यह प्रदर्शन सोशल मीडिया पर ‘आरक्षण हटाओ आंदोलन’ नामक पेज के आह्वान पर हुआ था, जिसमें जाति के बजाय आर्थिक आधार पर आरक्षण देने की मांग उठी थी। दिल्ली पुलिस ने बताया था कि इस प्रदर्शन की अनुमति नहीं थी।
हर्ष दुबे ने स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन किसी वर्ग के खिलाफ नहीं है, बल्कि उनका उद्देश्य समान अवसर, न्यायसंगत व्यवस्था और जरूरतमंद को आरक्षण का लाभ दिलाने के लिए रिफॉर्म है।

