मनोज ठाकुर
हरिद्वार 17 अक्टूबर 2026
राज्यपाल गुरमीत सिंह ने रेडक्रॉस चेयरमैन प्रो. डॉ. नरेश चौधरी के कार्यों की सराहना की
उत्तराखंड के राज्यपाल ले.ज. (से.नि.) गुरमीत सिंह ने इंडियन रेडक्रॉस की महामहिम राष्ट्रपति की अध्यक्षता वाली सर्वोच्च राष्ट्रीय प्रबंधन समिति के सदस्य एवं इंडियन रेडक्रॉस उत्तराखंड के चेयरमैन प्रो. (डॉ.) नरेश चौधरी के समर्पित एवं उत्कृष्ट कार्यों की विशेष सराहना की।
राज्यपाल ने कहा — “अपने मूल दायित्वों का निर्वहन हर व्यक्ति करता है, पर जो व्यक्ति अपने मूल कार्यों के अतिरिक्त सामाजिक सेवा करता है, वह विशेष सम्मान के योग्य होता है। डॉ. नरेश चौधरी इसके सच्चे उदाहरण हैं।”
राज्यपाल ने कहा कि डॉ. चौधरी ने विभिन्न आपदाओं और कोरोना काल में जो समर्पित कार्य किए हैं, वह अतुलनीय है, साथ ही राजभवन में आयोजित आयोजनों में उनका संचालन एवं संयोजन भी उल्लेखनीय है।
डॉ. नरेश चौधरी ने सम्मान के लिए भावुकता से धन्यवाद देते हुए कहा कि यह सराहना मेरे जीवन की अमूल्य पूंजी है जो और अधिक ऊर्जा से कार्य करने की प्रेरणा देती है।

