‘बेजुबान ने याद रखी इंसानियत’, रोज खाना खिलाने वाले शख्स की अंतिम यात्रा में घाट तक साथ चला कुत्ता
मध्य प्रदेश। मोहल्ले में पले-बढ़े कुत्तों को अक्सर आसपास से खाना मिल जाता है। ऐसे कुत्तों को ये पता होता है कि कौन उन्हें खाना देगा। मध्य प्रदेश में भी एक ऐसा कुत्ता था, नाम था कालू। कालू को रोज खाना मिल जाता था लेकिन जो दे रहा था उसे भी नहीं पता था कि कालू का उससे खास लगाव हो गया है। ये लगाव तब दिखा जब इस शख्स की अंतिम यात्रा निकली।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो इस वक्त वायरल हो रहा है, जिसमें कुत्ता अंतिम यात्रा पर साथ-साथ चल रहा है। ये कुत्ता एक रिटायर बैंक कर्मी मोहनलाल रायकवार की आखिरी यात्रा पर साथ चलता दिखा तो वीडियो बनना और वायरल होना जरूरी था।
मोहनलाल जी इस कुत्ते को रोज खाना देते थे। इस दौरान बॉन्ड काफी मजबूत बन गया था। कुत्ते को कालू नाम भी उन्हीं ने दिया था। वो अक्सर कुत्ते से बातें भी किया करते थे। पर वो भी नहीं जानते थे कि वो जाएंगे तो भी ये बॉन्ड बरकरार रहेगा। ये कुत्ता उन्हें आखिरी विदाई भी देगा।
अंतिम यात्रा में कालू शुरू से लेकर घाट तक साथ-साथ चलता रहा। लोगों ने इस भावुक पल को अपने कैमरे में कैद कर लिया। अब ये वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है और लोग कालू की वफादारी की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
सच ही कहा गया है, इंसान भूल सकता है लेकिन बेजुबान जानवर कभी अपने प्यार को नहीं भूलता।

