फेक न्यूज के दौर में प्रिंट मीडिया की विश्वसनीयता कायम, प्रांतीय अधिवेशन में उठी पत्रकार हितों की मांग


फेक न्यूज के दौर में प्रिंट मीडिया की विश्वसनीयता कायम, प्रांतीय अधिवेशन में उठी पत्रकार हितों की मांग

हरिद्वार। सोशल मीडिया की तेज रफ्तार और फेक न्यूज के बढ़ते दौर के बीच हरिद्वार में रविवार को पत्रकारिता की विश्वसनीयता और प्रिंट मीडिया की ताकत का बड़ा संदेश सामने आया। देवपुरा स्थित प्रेस क्लब सभागार में अखिल भारतीय समाचारपत्र एसोसिएशन की उत्तराखंड इकाई का प्रांतीय अधिवेशन, वरिष्ठ संपादक सम्मान समारोह एवं “वर्तमान दौर में समाचार पत्रों की भूमिका” विषय पर गोष्ठी आयोजित हुई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मिश्री मठ के महामंडलेश्वर करौली शंकर महाराज ने की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाहें तेजी से फैलती हैं, लेकिन अखबार में छपी खबर को लोग अधिक भरोसे से देखते हैं। पत्रकारिता को योग और तपस्या बताते हुए उन्होंने सत्य लिखने को पत्रकार की सबसे बड़ी साधना बताया।

मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री श्री मदन कौशिक ने कहा कि पत्रकारिता आज पहले से अधिक चुनौतीपूर्ण पेशा है। पत्रकार जोखिम उठाकर सच्चाई सामने लाते हैं और कई बार धमकियों व मुकदमों का सामना भी करते हैं। उन्होंने प्रेस क्लब के नए भवन की मांग जल्द पूरा करने का भरोसा दिया।

महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने कहा कि तकनीक बदली है, लेकिन सुबह चाय के साथ अखबार पढ़ने की परंपरा आज भी कायम है। सूचना विभाग छोटे समाचार पत्रों के हितों की रक्षा के लिए कार्य कर रहा है।

अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के अध्यक्ष सरदार सुरजीत सिंह गांधी ने कहा कि दूरदराज क्षेत्रों की आवाज सरकार तक पहुंचाने में छोटे समाचार पत्रों की भूमिका महत्वपूर्ण है। श्री गंगा सभा अध्यक्ष नितिन गौतम ने कहा कि हरिद्वार और मां गंगा को देश-दुनिया तक पहुंचाने में पत्रकारों का अहम योगदान है।

एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष अमित कुमार शर्मा ने कहा कि छोटे समाचार पत्र लोकतंत्र की रीढ़ हैं। उन्होंने पत्रकार पेंशन, अधिमान्यता और विज्ञापन नीति में सुधार की मांग उठाई। संगठन अध्यक्ष संजय मिश्रा ने गतिविधियों की जानकारी दी, प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने स्वागत किया। संचालन ललितेन्द्र नाथ एवं बालकृष्ण शास्त्री ने किया और आभार प्रदेश महामंत्री राजकमल गोयल ने व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *