जिलाधिकारी ने बूथ नंबर 122 में चल रहे SIR कार्यों का लिया जायजा, पारदर्शिता के दिए निर्देश
हरिद्वार, 31 अगस्त 2026। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सोमवार को रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बीएचईएल सेक्टर-01 स्थित बाल मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बूथ संख्या 122 पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि SIR का समस्त कार्य पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं संवेदनशीलता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी पात्र मतदाता का नाम किसी भी स्थिति में पृथक नहीं होना चाहिए और जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, उनकी सुनवाई निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से सुनिश्चित की जाए।
AERO मोहम्मद ताहिर खान ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि बूथ संख्या 122 पर कुल 740 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें से 181 मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, जबकि अब तक 151 प्रकरणों का निस्तारण किया जा चुका है।
जिलाधिकारी ने सभी लंबित प्रकरणों का समयबद्ध एवं नियमों के अनुरूप निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का मताधिकार सुरक्षित रहना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह, संबंधित BLO एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

