उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPSG) में पढ़ाई का समय अचानक बढ़ाए जाने के कारण अभिभावकों में भारी आक्रोश है।
शनिवार को स्कूल के बाहर विरोध प्रदर्शन करने के बाद, सोमवार को सैकड़ों की संख्या में अभिभावक जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और कार्यालय के गेट पर ही धरने पर बैठ गए। अभिभावकों ने जिला प्रशासन से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप और कार्रवाई की मांग की है।
इंडियन पेरेंट्स एसोसिएशन के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान अभिभावकों ने अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए जमकर नारे लगाए। गुस्साए अभिभावकों का कहना है कि स्कूल प्रबंधन का समय बदलने का फैसला गलत है और वे तब तक पीछे नहीं हटेंगे जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं। उन्होंने जिलाधिकारी से मिलकर स्कूल प्रशासन के इस मनमाने निर्णय पर रोक लगाने की अपील की है।

