कनखल का अधिष्ठाता शिव मंदिर क्यों खटक रहा है? स्थानीय लोगों में आक्रोश
कनखल / हरिद्वार। कनखल के एक छोटे से शिव मंदिर को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों का कहना है कि यह मंदिर सड़क के बीचो-बीच नहीं, बल्कि सड़क के एक किनारे पर मुश्किल से ढाई-तीन फीट की परिधि में बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मंदिर में दूर-दूर से कोई बड़ा दर्शनार्थी नहीं आता। यहां केवल स्थानीय लोग आते-जाते हुए प्रणाम करते हैं, नमस्कार करते हैं। यह कनखल का एक अधिष्ठाता मंदिर माना जाता है, भगवान शिव का मंदिर है। यहां सुबह-शाम दो बार मंदिर खुलता है, जब पूज्य पंडित जी आकर भगवान का श्रृंगार और आरती करते हैं और आसपास के बाजार वालों को प्रसाद देते हैं।
लोगों का कहना है कि हैरानी की बात यह है कि इतना छोटा सा स्थान, जिसकी वजह से आज तक कोई घटना घटित नहीं हुई, वह मंदिर मेला प्राधिकरण की नजर में खटक रहा है।
वहीं दूसरी ओर, स्थानीय लोगों ने बैरागी कैंप क्षेत्र का मुद्दा भी उठाया है। उनका आरोप है कि जहां वास्तव में मेला होना है, वहां बैरागी कैंप में कॉलोनी की कॉलोनी बनी हुई है और वहां बिजली-पानी जैसी नागरिक सुविधाएं भी दी गई हैं। लोगों का कहना है कि इधर-उधर छोटे-छोटे गरीब लोग जो किसी तरह अपना पेट पालते हैं, उनको तो अतिक्रमण के नाम पर हटाया जा रहा है, लेकिन बड़े अतिक्रमण पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही, यह सवाल उठ रहा है।
लोगों का यह भी कहना है कि यह सब मिली-भगत का खेल है और जहां मेला भरेगा, वहां का अतिक्रमण मेला प्राधिकरण को दिखाई नहीं दे रहा है, जबकि भगवान शिव का एक छोटी सी परिधि में बना मंदिर, जिसके कारण आज तक कोई दुर्घटना नहीं हुई, वह उनकी आंखों में खटक रहा है।
इस मुद्दे पर बोलते हुए वरिष्ठ नागरिक अशोक त्रिपाठी ने कनखल के लोगों से अपील की है कि कनखल के 8 पार्षद अगर जरा सी भी इच्छाशक्ति दिखाएं तो चौक बाजार में इकट्ठा होकर लोगों को इकट्ठा करें और मेला प्राधिकरण के इस कदम को रोकें। उन्होंने कहा कि तभी उनका नाम होगा, उनका यश होगा, उनकी कीर्ति होगी, नहीं तो आने वाली जनरेशन और आने वाला इतिहास उनका नाम याद नहीं रखेगा।
फिलहाल मेला प्राधिकरण और प्रशासन का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। पक्ष आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

