GANGA NEWS 24 | खबर | कोतवाली नगर हरिद्वार | 07 SEP 2026
मनोज ठाकुर
हरिद्वार में गैंगवार की बड़ी वारदात टली, 2 पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस के साथ आरोपी गिरफ्तार
एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान का पॉजिटिव रिजल्ट, सतर्क पुलिस ने टाली बड़ी वारदात
हरिद्वार। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर पूरे जनपद में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दुधियाबंद क्षेत्र में अवैध असलाह लेकर घूम रहे एक संदिग्ध को 2 पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर गैंगवार की बड़ी वारदात को टाल दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 06.09.2026 को कोतवाली नगर पुलिस गश्त पर थी। इसी दौरान चित्रकूट घाट के पास एक व्यक्ति पुलिस को देखकर सकपका गया। पुलिस टीम ने घेरघोंटकर उसे पकड़ा और उसके कंधे पर टंगे पीठू बैग की तलाशी ली तो बैग के अंदर से 32 बोर की दो पिस्टल मय 2 मैगजीन और 10 जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मनोज कुमार पुत्र महावीर सिंह निवासी ग्राम बुडीना कला, थाना तितावी, जिला मुजफ्फरनगर, उ.प्र., उम्र 45 वर्ष बताया।
सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि वर्ष 2010 में उसके भाई की हत्या कर दी गई थी। तब से वह हत्यारों की तलाश में था। उसे सूचना मिली थी कि उसके भाई के हत्यारे जेल से छूटकर हरिद्वार आ रहे हैं, जिसके चलते वह बदला लेने के इरादे से पिस्टल लेकर आया था। आरोपी गैंगवार के चलते अप्रैल 2026 में हरिद्वार में एक आश्रम को लीज पर लेकर होटल के रूप में व्यापार कर रहा था।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ मु.अ.सं. 445/2026 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है।
पुलिस टीम में शामिल:
- प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा
- व0उ0नि0 गोपाल दत्त भट्ट
- उ0नि0 खेमेंद्र गंगवार
- हे0का0 प्रदीप पंवार
- हे0का0 गुलशन नेगी
– EDITOR: KULDEEP SHARMA | GANGA NEWS 24 | हरिद्वार

